INDIA alliance rally: राहुल गांधी खुली बस में सवार होकर निकले, साथ में ममता-अखिलेश और तेजस्वी, रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली
INDIA alliance rally: INDIA गठबंधन की रामलीला मैदान रैली से पहले राहुल गांधी खुली बस में मिंटो ब्रिज के लिए रवाना हुए। बस में ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और कई विपक्षी नेता भी मौजूद रहे।
INDIA alliance rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली से पहले विपक्षी दलों के नेता खुली बस में सवार होकर मिंटो ब्रिज के लिए रवाना हुए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बस की सबसे आगे वाली सीट पर बैठे नजर आए। उनके ठीक पीछे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव बैठे थे।
इस बस में नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला, RJD नेता तेजस्वी यादव, लेफ्ट नेता दीपांकर भट्टाचार्य, TMC नेता अभिषेक बनर्जी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, NCP नेता सुप्रिया सुले, शिवसेना (UBT) के संजय राउत और PDP नेता महबूबा मुफ्ती भी मौजूद रहे। गठबंधन के अन्य नेता अलग-अलग बसों में सवार थे।
LIVE: Vote Bachao, Desh Bachao Maha March | CP Minto Road Junction to Ramlila Maidan, New Delhi. https://t.co/UBuMz4ojDM
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 1, 2026
खरगे के आवास से शुरू हुआ नेताओं का काफिला
सभी नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग से मिंटो ब्रिज के लिए रवाना हुए। यहां से INDIA गठबंधन का मार्च शुरू हुआ, जो रामलीला मैदान तक पहुंचा। इस मार्च में विपक्षी दलों के कई बड़े नेता शामिल हुए।
राहुल गांधी ने व्यापारियों से की खरीदारी की अपील
रैली से पहले राहुल गांधी ने त्योहारों के मौसम का जिक्र करते हुए दिल्ली आने वाले लोगों से स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिवाली, छठ और भाई दूज का समय है। ऐसे में जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वे यहां के व्यापारियों की मदद भी करें।
राहुल गांधी ने कहा, “प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए। व्यापारियों का फायदा हो जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें भरोसा है कि रैली से व्यापारियों को नुकसान नहीं होगा। राहुल गांधी ने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी डरी हुई है, इसलिए अफवाह फैला रही है। उन्होंने कहा कि मार्च और रैली के साथ लोग छोटी-छोटी दुकानों से सामान भी खरीदेंगे। राहुल गांधी ने अपने संदेश के अंत में लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आप सबको बहुत-बहुत प्यार। शुभ दिवाली। जय हिंद।”