बिहार का गलत वीडियो पोस्ट कर फंस गए राहुल गांधी, पूर्व मध्य रेलवे ने लगाई फटकार, बंद कीजिये अफवाह फैलाना
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा था कि छात्रों को सुरक्षित सफर तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है और सरकार उनकी परेशानियों को सुनना नहीं चाहती। पूर्व मध्य रेलवे ने उनके दावे पर गहरी आपत्ति जताई है
Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। राहुल गांधी ने वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया था कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे छात्रों को ट्रेनों में भारी भीड़, अव्यवस्था और असुरक्षित यात्रा का सामना करना पड़ा। उन्होंने केंद्र सरकार पर छात्रों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया था।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा था कि छात्रों को सुरक्षित सफर तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है और सरकार उनकी परेशानियों को सुनना नहीं चाहती। उन्होंने वीडियो के साथ केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए छात्रों को न्याय दिलाने का वादा भी किया था।
हालांकि राहुल गांधी के इस पोस्ट के बाद पूर्व मध्य रेलवे ने उनके दावों पर आपत्ति जताई है। पूर्व मध्य रेलवे ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी द्वारा साझा किया गया वीडियो पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन का नहीं है। रेलवे ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई गई घटना का पाटलिपुत्र स्टेशन से कोई संबंध नहीं है। रेलवे ने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति की मौत से जुड़ी कोई आधिकारिक सूचना उनके पास नहीं है और इस तरह की खबरों की पुष्टि किसी भी विश्वसनीय स्रोत से नहीं हुई है।
पूर्व मध्य रेलवे ने राहुल गांधी से अपील की है कि वे अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को फैलाने से बचें। रेलवे के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि वह किसी चिकित्सकीय समस्या या अत्यधिक थकान के कारण अस्वस्थ हुआ हो सकता है। इसे मौत या किसी गंभीर हादसे से जोड़ना उचित नहीं है।
गौरतलब है कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर 13 और 14 जून की रात पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भीड़ जुटी थी। भीड़ के कारण स्टेशन पर हंगामे की स्थिति बन गई थी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। इसी घटनाक्रम के बीच राहुल गांधी ने एक वीडियो साझा कर इसे बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा से जोड़ते हुए सरकार की आलोचना की थी।