Bihar Crime: आरा में झाड़ियों से बेहोश मिली पटना की महिला, मोबाइल गायब, वारदात की बू से पुलिस हलकान, क्या है सिंदूर, चावल और रहस्य!पढ़िए

महिला की पहचान पटना के गोला रोड निवासी 32 वर्षीय शिवानी सिंह के रूप में हुई। उनके पति सुमित रंजन एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। हालांकि, मामले ने उस समय और रहस्य का रूप ले लिया, जब महिला के पास मिले आधार कार्ड पर ...

Ara  Unconscious Patna Woman Found in Bushes Probe Underway
आरा में झाड़ियों से बेहोश मिली पटना की महिला- फोटो : reporter

Bihar Crime: आरा में रविवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नवादा थाना क्षेत्र के पावरगंज स्थित पूर्वी ओवरब्रिज अंडरपास के समीप झाड़ियों से एक महिला बेहोशी की हालत में बरामद हुई। वारदात की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भाकपा-माले के पूर्व विधायक मनोज मंजिल के सहयोग से महिला को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है।

जांच के दौरान महिला की पहचान पटना के गोला रोड निवासी 32 वर्षीय शिवानी सिंह के रूप में हुई। उनके पति सुमित रंजन एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। हालांकि, मामले ने उस समय और रहस्य का रूप ले लिया, जब महिला के पास मिले आधार कार्ड पर पंजाब के लुधियाना जिले के चंडीगढ़ रोड स्थित पुलिस कॉलोनी, सेक्टर-32 (ए) का पता दर्ज मिला। पुलिस ने घटना की जानकारी महिला के पति को दे दी है।

तफ्तीश के दौरान महिला के पर्स से सिंदूर का डिब्बा, चावल और अन्य निजी सामान बरामद हुआ, लेकिन उसका मोबाइल फोन गायब मिला। मोबाइल का नहीं मिलना पूरे मामले को और ज्यादा संदिग्ध बना रहा है। पुलिस इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है कि महिला यहां कैसे पहुंची, उसके साथ कोई आपराधिक वारदात हुई या फिर किसी साजिश के तहत उसे इस हालत में झाड़ियों में फेंक दिया गया।

भाकपा-माले के पूर्व विधायक मनोज मंजिल ने महिला के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए निष्पक्ष और गंभीर जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। घटनास्थल, बरामद सामान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हर एंगल से जांच की जा रही है। महिला के होश में आने के बाद ही इस रहस्यमयी मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार