Railway News: 'उठो स्टेशन आ गया!' अब ट्रेन में बेफिक्र होकर सोइए, रेलवे खुद फोन करके जगाएगा, जानिए कैसे शुरू करें ये सर्विस

Railway News: रात में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों की एक आम परेशानी होती है कि कहीं नींद में उनका स्टेशन न छूट जाए। इस समस्या को देखते हुए भारतीय रेलवे ने ‘डेस्टिनेशन अलर्ट’ नाम की विशेष सुविधा शुरू की है।

रेलवे की नई सुविधा - फोटो : social media

Railway News:  अगर आप भी ट्रेन में सफर के दौरान इस डर से सो नहीं पाते कि कहीं आपका स्टेशन पीछे न छूट जाए, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की इस पुरानी समस्या का पक्का इलाज ढूंढ लिया है। अब आपको रात भर जागने या सह-यात्रियों से जगाने की मिन्नतें करने की जरूरत नहीं है। रेलवे ने 'डेस्टिनेशन अलर्ट' नाम की एक खास सुविधा शुरू की है, जिसमें स्टेशन आने से 20 मिनट पहले आपके मोबाइल पर 'वेक-अप कॉल' आएगा।

रात में अब बेफ्रिक होकर सो सकेंगे यात्री 

दरअसल, यह सेवा खास तौर पर रात 11 बजे से सुबह 7 बजे के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए तैयार की गई है और फिलहाल कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों में उपलब्ध है। इस सुविधा के तहत यात्री का गंतव्य स्टेशन आने से पहले ही उसके मोबाइल पर अलर्ट भेजा जाता है, जिससे वह समय रहते जाग सके और उतरने की तैयारी कर सके। रात में सफर करने वाले यात्रियों के लिए आईआरसीटीसी की यह सेवा काफी उपयोगी मानी जा रही है।

बेहद कम शुल्क में मिलेगी सुविधा

रेलवे की इस सेवा का लाभ उठाने के लिए ज्यादा खर्च भी नहीं करना पड़ेगा। यदि कोई यात्री कॉल के जरिए इसे सक्रिय करता है, तो मेट्रो शहरों से 1.20 रुपये प्रति मिनट और नॉन-मेट्रो शहरों से 2 रुपये प्रति मिनट का शुल्क देना होगा। वहीं एसएमएस अलर्ट सेवा के लिए केवल 3 रुपये का शुल्क तय किया गया है।

स्टेशन से 20 मिनट पहले मिलेगा अलार्म

इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत इसकी टाइमिंग है। गंतव्य स्टेशन आने से करीब 20 मिनट पहले यात्री के मोबाइल पर वेकअप अलार्म बजना शुरू हो जाता है। यह समय इतना पर्याप्त होता है कि यात्री आराम से उठकर अपना सामान समेट सके और बिना किसी हड़बड़ी के ट्रेन से उतरने की तैयारी कर ले। इस सुविधा से रात में यात्रा के दौरान स्टेशन छूटने, सामान भूल जाने या जल्दबाजी में परेशानी होने की चिंता काफी हद तक कम हो जाएगी।