नक्सलवाद का दंश झेलने वाले राजीव रंजन ने नक्सलवाद मुक्त भारत बनने पर गृह मंत्री का जताया आभार, नक्सलियों ने गांव की थी 7 लोगों की हत्या

राजीव रंजन ने अपने निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके गांव में नक्सलियों ने दो बार बिना किसी कारण हमला किया था। इन हमलों में कुल सात लोगों की जान चली गई थी

Naxalism free India - फोटो : news4nation

Naxalism free India : नक्सलवाद की हिंसा को करीब से झेल चुके भाजपा नेता और पार्टी के राजनीतिक प्रतिपुष्टि एवं प्रतिक्रिया विभाग के प्रदेश संयोजक राजीव रंजन ने देश को नक्सलवाद से मुक्त करने के दावे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का आभार जताया है। राजीव रंजन ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक भारत को नक्सलवाद से मुक्त करने का जो संकल्प लिया था, वह अब साकार होता दिख रहा है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व का परिणाम बताया। उनके अनुसार, नक्सलवाद लंबे समय से देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक गंभीर चुनौती बना हुआ था और इसने न केवल कई निर्दोष लोगों की जान ली, बल्कि विकास की रफ्तार को भी बाधित किया।


उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद एक लाइलाज बीमारी की तरह बना रहा, जबकि मौजूदा सरकार ने इसे जड़ से खत्म करने की दिशा में ठोस कदम उठाए। राजीव रंजन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसका उदाहरण धारा 370 का हटाया जाना और राम मंदिर निर्माण जैसे फैसले हैं।


गांव की घटना का जिक्र

राजीव रंजन ने अपने निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके गांव, औरंगाबाद जिले के पिसाई में नक्सलियों ने दो बार बिना किसी कारण हमला किया था। इन हमलों में कुल सात लोगों की जान चली गई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। उन्होंने कहा कि उस दौर को याद कर आज भी मन दहल उठता है। उन्होंने कहा कि आज जब देश नक्सलवाद से मुक्त होने की ओर बढ़ रहा है, तब न केवल उनका गांव बल्कि पूरा बिहार और देश राहत की सांस ले रहा है।


विकसित भारत का लक्ष्य

राजीव रंजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार जनता के हित और देश के समग्र विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। उन्होंने अंत में कहा कि नक्सलवाद का खात्मा देश की सुरक्षा और विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे आम लोगों का जीवन और अधिक सुरक्षित एवं बेहतर होगा।