Bihar News : जहानाबाद में रतनी फरीदपुर की सीओ नुजहत सस्पेंड, अवैध जमाबंदी सहित कई आरोपों को लेकर विभाग ने की कार्रवाई

Bihar News : जहानाबाद जिले के रतनी फरीदपुर की अंचल अधिकारी (सीओ) नुजहत को गंभीर आरोपों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सीओ सस्पेंड - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जहानाबाद जिले के रतनी फरीदपुर की अंचल अधिकारी नुजहत को गंभीर आरोपों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 24 नवंबर 2026 को जारी संकल्प के माध्यम से की गई है, जिसके तहत उन पर लगे आरोपों को देखते हुए अनुशासनिक प्राधिकार ने निलंबन का निर्णय लिया।   

विभाग के अनुसार, जहानाबाद के समाहर्ता के जरिए सीओ नुजहत के खिलाफ आरोप पत्र गठित कर विभाग को भेजा गया था। उन पर अवैध रूप से जमाबंदी सृजित करने, पूर्व से जमाबंदी कायम नहीं होने के बावजूद सीधे नई जमाबंदी खोलने तथा दाखिल खारिज के आवेदन सं0-399/2025-26 को एक बार अस्वीकृत करने के बाद उसी दस्तावेज पर पुनः स्वीकृत करने जैसे गंभीर आरोप हैं।   

इसके अलावा उन पर डिमांड पंजी में रकवा का अवैध रूप से संशोधन करने का भी आरोप लगाया गया है। इन सभी बिंदुओं को गंभीर मानते हुए बिहार सरकारी सेवक नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान नुजहत का मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, मगध प्रमंडल, गया निर्धारित किया गया है। 

साथ ही उन्हें नियमानुसार उक्त नियमावली के नियम-10 के अंतर्गत जीवन-निर्वाह भत्ता देय होगा, जबकि उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई के लिए अलग से संकल्प जारी किया जाएगा।