5वीं सक्षमता परीक्षा का परिणाम जारी : 30% अभ्यर्थी हुए सफल, JEE और NEET के छात्रों के लिए बड़ा एलान

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मंगलवार को पांचवीं सक्षमता परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इसबार 30 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है.....

5वीं सक्षमता परीक्षा का परिणाम जारी- फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के अध्यक्ष त्यागराजन एस. एम. ने मंगलवार को पांचवीं सक्षमता परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही बिहार बोर्ड ने राज्य के सरकारी और मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए इंजीनियरिंग (JEE) और मेडिकल (NEET) की तैयारी को लेकर कई ऐतिहासिक घोषणाएं भी कीं।


5वीं सक्षमता परीक्षा: 30 फीसदी अभ्यर्थी हुए उत्तीर्ण

अध्यक्ष ने बताया कि गत 5 जून को आयोजित हुई पांचवीं सक्षमता परीक्षा में कुल 14,512 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा मुख्य रूप से भाषा और सामान्य अध्ययन के विषयों पर आधारित थी। आंसर-की (Answer Key) जारी होने के बाद मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर आज रिजल्ट जारी कर दिया गया, जिसमें सभी श्रेणियों को मिलाकर कुल 30 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।


पटना के 10 मॉडल स्कूलों में JEE-NEET की नि:शुल्क कोचिंग

त्यागराजन ने बताया कि बिहार में शिक्षा के आयाम को बदलने और मेधावी छात्रों को बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से बोर्ड ने कोचिंग व्यवस्था का विस्तार किया है। पटना के 10 प्रमुख मॉडल स्कूलों में 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए JEE और NEET की तैयारी हेतु विशेष निशुल्क कोचिंग संचालित की जाएगी। इसके लिए वर्तमान में इंजीनियरिंग के लिए 266 और मेडिकल (NEET) के लिए 252 विद्यार्थियों (कुल 518) ने अपना पंजीयन करा लिया है। इन कक्षाओं के संचालन के लिए उच्च स्तर के अनुभवी शिक्षकों को बहाल किया गया है। पढ़ाई के साथ-साथ रहने, अनुशासन और पठन-पाठन का पूरा इंतजाम सरकार द्वारा किया जाएगा।


688 मॉडल स्कूलों में लागू होगी व्यवस्था, 24 घंटे चालू रहेगा पोर्टल

छात्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए बिहार बोर्ड एक नया 24x7 पोर्टल शुरू करने जा रहा है:

  1. डिजिटल पोर्टल और लॉगिन ID: सरकारी स्कूलों के 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के बच्चों को एक विशेष लॉगिन ID देकर उनका अकाउंट खोला जाएगा।
  2. 24 घंटे मार्गदर्शन: इस पोर्टल के माध्यम से छात्र 24 घंटे किसी भी समय आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और पोर्टल पर चयनित शिक्षकों से सीधे संवाद कर अपनी शंकाओं का समाधान कर सकते हैं।
  3. 688 मॉडल स्कूल होंगे शामिल: राज्य भर के 688 मॉडल स्कूलों के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र इस नई पहल का सीधा लाभ उठा सकेंगे।


बोर्ड अध्यक्ष त्यागराजन एस. एम. ने बताया कि पिछले वर्षों में नीट और जेईई में सरकारी स्कूल के बच्चों के शानदार परिणाम आए हैं (पिछले साल जेईई में 40 बच्चों का चयन हुआ था)। इसी सफलता को आगे बढ़ाने के लिए यह व्यापक कदम उठाया गया है ताकि संसाधनों के अभाव में कोई भी होनहार छात्र अपनी मंजिल पाने से वंचित न रहे।


अभिजीत की रिपोर्ट