जन शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए राजस्व विभाग सख्त: मंत्री के निर्देश पर गठित हुआ नया मॉनिटरिंग सेल

Bihar News : बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है।नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने विभागीय जन शिकायत पोर्टल की मॉनिटरिंग व्यवस्था को बेहद मजबूत और चुस्त-दुरुस्त कर दिया..

Patna : आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने तत्काल प्रभाव से अपने विभागीय जन शिकायत पोर्टल की मॉनिटरिंग व्यवस्था को बेहद मजबूत और चुस्त-दुरुस्त कर दिया है। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के कड़े निर्देश के आलोक में विभाग के भीतर एक विशेष नए मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है, जिसमें राजस्व सेवा के नौ अधिकारियों को तैनात कर अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर

विभागीय आदेश के अनुसार, विभाग द्वारा संचालित इस जन शिकायत पोर्टल पर प्राप्त होने वाली आम लोगों की शिकायतों और परिवादों के समयबद्ध व त्वरित निष्पादन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। विभाग ने अपने रुख को स्पष्ट करते हुए कहा है कि आम लोगों की भूमि से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित कराया जाएगा।


अधिकारियों के तबादले के बाद नई व्यवस्था

इस संबंध में बताया गया है कि विभागीय जन शिकायत पोर्टल 08 मई 2025 से निरंतर संचालित है, जिसके माध्यम से जनता की समस्याओं का निवारण किया जाता रहा है। हालांकि, पूर्व में इस कार्य से संबद्ध कई अधिकारियों के अन्यत्र पदस्थापन (तबादला) हो जाने के कारण हाल के दिनों में कार्य की गति थोड़ी प्रभावित हो रही थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए माननीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने विभागीय उच्चाधिकारियों को बिना वक्त गंवाए तत्काल नई और सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश जारी किया था।


नौ अधिकारियों को जिम्मेदारी, आईटी मैनेजर देंगे पासवर्ड

मंत्री के इसी निर्देश के क्रम में राजस्व सेवा के नौ तेजतर्रार अधिकारियों को इस नए मॉनिटरिंग सेल से संबद्ध किया गया है। इन अधिकारियों में कमल नयन कश्यप, संतोष कुमार चौधरी, मो. एजाज आलम, सक्षम सिंह, धीरज कुमार, विजय कुमार राय, पंकज कुमार झा, मनोज कुमार गुप्ता तथा अनुजा सिन्हा शामिल हैं। सभी नामित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे विभागीय आईटी मैनेजर से अविलंब लॉगिन पासवर्ड प्राप्त कर पोर्टल पर लंबित पड़ी सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निष्पादन शुरू करें, जिसके लिए एनआईसी के माध्यम से तकनीकी सहयोग भी दिया जा रहा है।


उप सचिव डॉ. सुनील कुमार बने नोडल पदाधिकारी

इस पूरे जन शिकायत पोर्टल के सतत अनुश्रवण और सुचारू संचालन के लिए विभाग के उप सचिव डॉ. सुनील कुमार को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। अब पूरे पोर्टल की कार्यप्रणाली और अधिकारियों के प्रदर्शन की निगरानी सीधे उनके स्तर से की जाएगी। मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के नेतृत्व में उठाया गया यह कदम विभागीय जवाबदेही बढ़ाने, शिकायतों के त्वरित समाधान करने तथा आम नागरिकों को बिना किसी परेशानी के बेहतर राजस्व व भूमि सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण और प्रभावी मील का पत्थर साबित होगा।


वंदना की रिपोर्ट