नितिन नवीन के नेतृत्व में राष्ट्रसेवा का 'नवीन' अध्याय; ऋतुराज सिन्हा बोले- यह बदलते बिहार और युवा शक्ति पर भरोसे का प्रमाण
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को बदलते बिहार का गौरव और युवा शक्ति पर प्रधानमंत्री मोदी के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया है।
Patna - भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए इसे भारतीय राजनीति और संगठन के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ बताया है। सिन्हा ने कहा कि यह निर्वाचन न केवल एक कार्यकर्ता का सम्मान है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का हिस्सा है जो भारत के भविष्य को युवा नेतृत्व के हाथों में सुरक्षित देखता है।
बदलते बिहार की नेतृत्व क्षमता का प्रतीक
ऋतुराज सिन्हा ने इस नियुक्ति के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह बिहार के बदलते स्वरूप और उसकी बढ़ती नेतृत्व क्षमता का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस बिहार को कभी पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, आज वही बिहार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की अगुवाई करने में सक्षम बनकर उभरा है। यह हर बिहारवासी के लिए गौरव की बात है कि प्रदेश का एक युवा नेता अब दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का नेतृत्व करेगा।
Gen-Z और युवा पीढ़ी पर मोदी का अटूट विश्वास
सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि जब दुनिया भर में युवा पीढ़ी और Gen-Z को लेकर भ्रांतियां हैं, तब प्रधानमंत्री ने 45 वर्षीय युवा के हाथों में पार्टी की कमान सौंपकर एक स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला दर्शाता है कि भाजपा को देश के युवाओं की क्षमता, उनकी प्रतिभा और उनकी दूरदृष्टि पर पूर्ण विश्वास है।
भाजपा: कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में ढालने वाला संगठन
संगठनात्मक शक्ति की चर्चा करते हुए ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि नितिन नवीन का सफर भाजपा की कार्यपद्धति की एक सशक्त मिसाल है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक दल नहीं, बल्कि एक ऐसा संगठन है जो कार्यकर्ताओं को गढ़ता है और उन्हें संस्कार व विचारधारा के माध्यम से नेतृत्व के लिए तैयार करता है। नितिन नवीन ने बहुत कम उम्र से संगठन में काम करते हुए आज इस शीर्ष पद तक पहुंचकर यह साबित किया है कि यहां साधारण कार्यकर्ता भी सर्वोच्च दायित्व तक पहुंच सकता है।
विकसित भारत के संकल्प को मिलेगी नई गति
अंत में श्री सिन्हा ने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नवीन के कुशल नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि नया नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने के लिए समर्पित रहेगा और पार्टी सेवा व राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगी।