ईडी दफ्तर में राजद एमएलसी सुनील सिंह से करीब 8 घंटे तक चली पूछताछ, बाहर आने के बाद मीडिया को दिए यह मजेदार जवाब
ईडी दफ्तर में पूछताछ के बाद बाहर निकले राजद एमएलसी सुनील सिंह ने मीडिया के सवालों पर बड़ा ही मजेदार जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया से डर लग रहा था, अंदर बैठकर चाय पी रहा था.....
Patna : पटना स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधान पार्षद (MLC) सुनील सिंह से करीब 8 घंटे तक पूछताछ चली। पूछताछ खत्म होने के बाद जब सुनील सिंह ईडी दफ्तर से बाहर निकले, तो वे मीडिया के कैमरों से बचते हुए कार्यालय के पिछले दरवाजे से निकलने लगे। हालांकि, कुछ ही देर बाद वे वापस ईडी दफ्तर के बाहर पहुंचे और मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वे मीडिया से डर रहे थे और अंदर बैठकर चाय पी रहे थे।
गर्दनीबाग थाने में दर्ज फर्जी केस को बताया पूछताछ की वजह, बोले— मैंने सब कुछ बता दिया
वापस ईडी दफ्तर के बाहर आकर सुनील सिंह ने पूछताछ के कारणों को स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि गर्दनीबाग थाने में बिस्कोमान (BISCOMAUN) के एक कर्मचारी की पत्नी द्वारा उनके खिलाफ एक फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया था, और उसी मामले के सिलसिले में ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था। सुनील सिंह ने दावा किया कि उन्होंने जांच अधिकारियों के सभी सवालों का जवाब दे दिया है और सारी स्थिति स्पष्ट कर दी है।
दाल की खरीद-बिक्री में 50 से 60 लाख रुपये की गड़बड़ी के आरोप से जुड़ा है मामला
गौरतलब है कि यह मामला उस समय का है जब सुनील सिंह बिस्कोमान के चेयरमैन पद पर थे। उस दौरान बिस्कोमान के एक कर्मचारी की पत्नी ने सुनील सिंह और उनके बेटे के खिलाफ दाल की खरीद-बिक्री में 50 से 60 लाख रुपये की वित्तीय गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। इसी प्रकरण की जांच के क्रम में गुरुवार को पटना स्थित ईडी कार्यालय में उनसे लंबी पूछताछ की गई।
अनिल की रिपोर्ट