Bihar News : गयाजी में फर्जी ई-चालान बनाकर जब्त ट्रक छुड़ाने की कोशिश पुलिस ने किया नाकाम, वाहन मालिक को किया गिरफ्तार
Bihar News : फर्जी तरीके से अवैध खनन के मामले में जब्त छरी लदा ट्रक को ई-फर्जी चालान बनाकर बहेरा थाना से छुड़ाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने वाहन मालिक को गिरफ्तार किया है।
GAYAJI : अवैध खनन के मामले में जब्त छरी लदे ट्रक को फर्जी ई-चालान तैयार कर बहेरा थाना से छुड़ाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने वाहन मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले का खुलासा शेरघाटी-2 के एसडीपीओ राजन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया।
एसडीपीओ राजन कुमार ने जानकारी दी कि अवैध खनन के प्रकरण में बहेरा थाना में जब्त किए गए ट्रक को फर्जी ई-चालान के जरिए छुड़ाने की साजिश रची गई थी। इस फर्जीवाड़े के माध्यम से राज्य सरकार को लगभग 12 लाख रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया था।
मामले की छानबीन के दौरान जब वाहन मालिक की संलिप्तता के ठोस साक्ष्य सामने आए, तो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गया शहर के कंडी नवादा मोहल्ला निवासी रामेश्वर साव के पुत्र विनोद कुमार के रूप में की गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार वाहन मालिक से पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि इस तरह की फर्जीवाड़े की कड़ियों का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके।
मनोज की रिपोर्ट