शेखपुरा के अंबारी में नीतीश संवाद कार्यक्रम : नीतीश कुमार के शासनकाल के साथ-साथ निशांत कुमार को लेकर हुई चर्चा
अंबारी गांव में आयोजित पंचायत स्तरीय ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार समेत जदयू के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सरकार की योजनाओं और संगठन की मजबूती जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई....
Sheikhpura : जिले के शेखोपुरसराय प्रखंड क्षेत्र के अंबारी गांव में गुरुवार को पंचायत स्तरीय 'नीतीश संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री एवं जदयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर शेखपुरा विधायक रणधीर कुमार सोनी, एमएलसी ललन प्रसाद और बरबीघा विधायक डॉ. कुमार पुष्पांजय मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जदयू कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अतिथियों का स्वागत किया, वहीं सभा में महिलाओं और जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखी गई।
महिलाओं के आत्मनिर्भरता, जीविका समूह और सुशासन के बदलावों पर मंत्री का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने नीतीश कुमार के शासनकाल में आए बदलावों, महिला सशक्तीकरण, जीविका दीदियों की भूमिका, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुशासन के विषयों पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं को बाहर निकलने में असुरक्षा महसूस होती थी, लेकिन नीतीश कुमार के कार्यकाल में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कई अहम कदम उठाए गए, जिससे आज महिलाएं सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने बताया कि जीविका और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं। कानून-व्यवस्था और शिक्षा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय करीब 35 लाख बच्चे प्राथमिक विद्यालयों तक नहीं पहुंच पाते थे, लेकिन बाद में शिक्षा की पहुंच गांव-गांव और कस्बे-कस्बे तक बढ़ाई गई।
अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी गिनाईं उपलब्धियां, निशांत कुमार को जननेता मानने का किया आग्रह
एमएलसी ललन प्रसाद ने कहा कि पहले महिलाएं दिन में भी बाहर निकलने से डरती थीं, जबकि आज वे सुरक्षित माहौल में सफर कर रही हैं और बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में करियर बना रही हैं; उन्होंने नीतीश कुमार द्वारा छोड़ी गई सीट पर एमएलसी मनोनीत किए जाने के लिए आभार भी जताया। शेखपुरा विधायक रणधीर कुमार सोनी ने कहा कि एक दौर में बिहार की पहचान को लेकर जो स्थिति बनी थी, उससे बाहर निकालकर नीतीश कुमार ने बिना भेदभाव सभी वर्गों के विकास की नई दिशा दी, जबकि बरबीघा विधायक डॉ. कुमार पुष्पांजय ने भी विकास कार्यों व सामाजिक बदलावों पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के दौरान मंच से सभी नेताओं ने एक स्वर में निशांत कुमार को जननेता के रूप में स्वीकार करने की अपील की और कहा कि जनता के सहयोग से वे बिहार के विकास की गति को आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जदयू पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग रहे उपस्थित
इस आयोजन में युवा जदयू नेता संतोष कुमार शंकु, प्रमोद चंद्रवंशी, गुरुचरण कुमार, बरबीघा जदयू प्रखंड अध्यक्ष विनोद कुमार, शेखोपुरसराय जदयू प्रखंड अध्यक्ष जयप्रकाश कुमार, आयोजक प्रमोद कुमार, अंबारी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार, राहुल कुमार, आलोक मुखिया और असरफी मांझी समेत बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
उमेश की रिपोर्ट