Bihar Politics: जदयू सुप्रीमो पर रोहिणी का तीखा वार, बोलीं- सवाल सिर्फ नीतीश चाचा जी की मानसिक सेहत का ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक व्यवहार का भी है .. पोस्ट से गरमाई सियासत
Bihar Politics: लालू की लाडली बेटी राजद नेता रोहिणी आचार्य ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणी की है।
Bihar Politics: बिहार की सियासत में बयानबाजी का दौर एक बार फिर तेज हो गया है। लालू की लाडली बेटी राजद नेता रोहिणी आचार्य ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणी की है। जदयू की बैठक से जुड़ी एक तस्वीर साझा करते हुए रोहिणी ने नीतीश कुमार के सार्वजनिक व्यवहार पर सवाल उठाए और उनके स्वास्थ्य को लेकर भी टिप्पणी की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर रोहिणी आचार्य ने लिखा कि सवाल सिर्फ नीतीश कुमार की मानसिक सेहत का नहीं, बल्कि उनके सार्वजनिक व्यवहार का भी है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा हालात में नीतीश कुमार को रोकने और उन पर नजर रखने के लिए हर वक्त उनके साथ एक ‘ब्रेक’ की जरूरत पड़ रही है।
रोहिणी ने अपने पोस्ट में यह भी सवाल उठाया कि पिछले ढाई से तीन वर्षों से ऐसी परिस्थितियां बार-बार क्यों सामने आ रही हैं। उनके मुताबिक सार्वजनिक मंचों और कार्यक्रमों में नीतीश कुमार का व्यवहार राजनीतिक चर्चा के साथ-साथ असहजता का विषय बनता जा रहा है।
उन्होंने आगे सवाल किया कि क्या नीतीश कुमार को सार्वजनिक मंचों और कार्यक्रमों से दूर रखते हुए चिकित्सकीय परामर्श तथा विशेषज्ञों की निगरानी में रखा जाना चाहिए। यह टिप्पणी ऐसे वक्त सामने आई है जब जदयू की राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हैं। हाल ही में नीतीश कुमार ने पार्टी के सांसदों और विधायकों की बैठक बुलाई थी, जिसके पीछे पार्टी से जुड़ी विभिन्न अटकलों को स्पष्ट करने की बात सामने आई थी।
रोहिणी आचार्य इससे पहले भी सोशल मीडिया के जरिए नीतीश कुमार पर निशाना साधती रही हैं। सितंबर में उन्होंने राजद के विधान परिषद उम्मीदवारों के चयन पर भी सवाल उठाए थे, जिसके बाद बिहार की सियासत में पार्टी के अंदरूनी मतभेदों को लेकर चर्चा तेज हुई थी।
फिलहाल रोहिणी आचार्य की ताजा टिप्पणी ने नीतीश कुमार के सार्वजनिक व्यवहार को लेकर सियासी बहस छेड़ दी है। उनके बयान पर जदयू या नीतीश कुमार की ओर से प्रतिक्रिया आती है या नहीं, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।