Bihar Teachers: वित्त रहित शिक्षकों की बल्ले-बल्ले,बिहार सरकार ने अनुदानित संस्थानों के लिए खोला खजाना, सीएम सम्राट ने जारी किए इतने करोड़ रुपए

Bihar Teachers: बिहार के वित्त रहित विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के लिए सरकार ने बड़ी घोषणा की है।

Bihar Releases 461 Crore Grant for Unfunded School Teachers

Bihar Teachers: बिहार के वित्त रहित विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के लिए सरकार ने बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि अनुदानित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों के भुगतान के लिए कुल 461 करोड़ रुपये का सहायक अनुदान निर्गत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षक राष्ट्र के चरित्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं और सरकार शिक्षकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने वित्त रहित विद्यालय-महाविद्यालयों के लिए इस राशि को राहत की खबर बताते हुए कहा कि शिक्षकों, कर्मियों और संस्थानों के हित में सरकार के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

सरकार की ओर से जारी इस अनुदान का इस्तेमाल संबंधित अनुदानित शिक्षण संस्थानों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के भुगतान के लिए किया जाना है। लंबे समय से वित्त रहित संस्थानों में कार्यरत कर्मियों के लिए भुगतान और अनुदान का मुद्दा अहम रहा है। ऐसे में 461 करोड़ रुपये की राशि जारी किए जाने को शिक्षण संस्थानों और कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इससे पहले भी शिक्षकों की भूमिका को लेकर अपनी बात रख चुके हैं। उनका कहना है कि शिक्षक सिर्फ विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके चरित्र निर्माण और राष्ट्र भावना को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बिहार की गौरवशाली शिक्षा परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य और देश की तरक्की में शिक्षकों की भूमिका अहम है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के साथ-साथ संस्थानों के हित में लगातार काम करने की बात कही और उन्नत शिक्षा तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह