Bihar News : बिहार में बाढ़ राहत के लिए मिला 3 करोड़ रुपये का अंशदान, बीएसडब्ल्यूसी और सहकारी बैंक ने मुख्यमंत्री को सौंपा चेक

Bihar News : बिहार राज्य भंडार निगम ने 2 करोड़ रूपये तथा बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड ने 1 करोड़ रूपये का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया है......पढ़िए आगे

बाढ़ राहत के लिए सहायता - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार में आई भीषण बाढ़ के मद्देनजर प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता पहुँचाने के उद्देश्य से राज्य के प्रमुख संस्थानों ने हाथ बढ़ाया है। बिहार राज्य भंडार निगम (बिहार स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन) ने 2 करोड़ रुपये तथा बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड ने 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों संस्थानों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा और कठिन परिस्थितियों के समय यह वित्तीय सहयोग अत्यंत सराहनीय है। यह राशि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को त्वरित राहत सामग्री, भोजन, चिकित्सा सुविधा और पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग के मंत्री रामकृपाल यादव विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ विधायक जितेन्द्र कुमार और सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह ने भी राहत कोष में दिए गए इस योगदान की सराहना की। इस प्रतिनिधिमंडल में बिहार राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष रमेश चंद्र चौबे और बिस्कोमान (BISCOMAUN) के चेयरमैन विशाल सिंह सहित विभाग एवं वित्तीय संस्थानों के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में राज्य सरकार के बाढ़ राहत अभियानों में हर संभव सहयोग देने की बात दोहराई।

राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित जिलों में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चला रही है। विभिन्न सरकारी व अर्ध-सरकारी निकायों द्वारा दिए जा रहे इस सहयोग से आपदा प्रबंधन कोष को मजबूती मिलेगी, जिससे संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों तक मदद पहुँचाने की प्रक्रिया और तेज हो सकेगी।