Patna Junction Theft: पटना जंक्शन पर महिला चोर गिरोह का खुलासा, 8 गिरफ्तार, गहने-मोबाइल और नकदी बरामद

Patna Junction Theft: पटना जंक्शन पर यात्रियों का सामान चोरी करने के आरोप में जीआरपी ने 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चांदी की चेन, मोबाइल, पर्स और नकदी बरामद की है।

Patna Junction Theft

Patna Junction Theft: पटना जंक्शन पर यात्रियों के सामान और गहने चोरी करने के आरोप में रेल पुलिस ने आठ महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में महिला यात्रियों को निशाना बनाता था। गिरफ्तार महिलाओं में सात उत्तर प्रदेश के देवरिया की रहने वाली हैं, जबकि एक महिला पश्चिम बंगाल के पुरुलिया की रहने वाली है।


पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं के पास से चोरी का सामान भी मिला है। इनमें चांदी की चेन, तीन बिछिया, हनुमान और मां दुर्गा के लॉकेट, मोबाइल फोन, पर्स और नकदी शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने पटना और दूसरे शहरों के रेलवे स्टेशनों पर कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है।


प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालत में बैठी थीं महिलाएं


आगामी त्योहारों को देखते हुए पटना जंक्शन पर जीआरपी की ओर से जांच और गश्त बढ़ाई गई है। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7 के पश्चिमी छोर पर पुलिस की नजर कुछ महिलाओं पर पड़ी। पुलिस के अनुसार, महिलाएं वहां संदिग्ध हालत में बैठी थीं। जीआरपी की टीम को देखते ही महिलाएं वहां से भागने लगीं। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर सभी आठ महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कई सामान बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस चोरी का बता रही है।


गिरफ्तार महिलाओं की पहचान


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पूजा देवी, किरण देवी, शीला देवी, रागनी देवी, चिडई देवी, अंजोरी देवी, शिवाणी कुमारी और जमुना देवी के रूप में हुई है। इनमें जमुना देवी पश्चिम बंगाल के पुरुलिया की रहने वाली है, जबकि बाकी सात महिलाएं उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से बताई गई हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं में दो अपने साथ छोटे बच्चों को भी लेकर थीं। एक बच्चे की उम्र करीब छह महीने और दूसरे की उम्र करीब एक साल बताई गई है।


भीड़ का फायदा उठाकर चोरी का आरोप


जीआरपी की पूछताछ में सामने आया कि महिलाएं भीड़ वाले रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाती थीं। पुलिस के अनुसार, भीड़ के बीच महिला यात्रियों के गहने, मोबाइल फोन और पर्स चोरी किए जाते थे। पुलिस को यह भी शक है कि बच्चों को साथ रखने से गिरोह की महिलाओं पर यात्रियों को कम शक होता था। हालांकि, बच्चों को साथ रखने का इस्तेमाल चोरी के लिए ही किया जाता था या नहीं, इसकी जांच पुलिस कर रही है।


दूसरे थानों में भी दर्ज हैं मामले


रेल पुलिस अब गिरफ्तार महिलाओं का पुराना रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में उत्तर प्रदेश के मढ़ौरा थाना और बिहार के वैशाली टाउन थाना में चोरी से जुड़े मामले सामने आए हैं। जीआरपी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरफ्तार महिलाओं का गिरोह केवल पटना जंक्शन तक सीमित था या दूसरे रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में भी सक्रिय था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाल के दिनों में पटना जंक्शन पर हुई चोरी की अन्य घटनाओं में इन महिलाओं की कोई भूमिका थी या नहीं।


त्योहारों से पहले रेलवे स्टेशन पर बढ़ी निगरानी


त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए पटना जंक्शन पर पुलिस ने जांच और गश्त बढ़ाई है। जीआरपी यात्रियों से भी अपील कर रही है कि वे भीड़ में अपने मोबाइल, पर्स और गहनों का ध्यान रखें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

पटना से अनिल की रिपोर्ट