Bihar Politics:क्या कट गया सम्राट चौधरी का पत्ता ? सीएम चेहरे को लेकर असहमति के संकेत, दिल्ली में ऐसा क्या हुआ कि बिहार बीजेपी की बड़ी बैठक टालनी पड़ी? पढ़िए
Bihar Politics:बिहार में नए सीएम को लेकर सस्पेंस गहराया गया है....
Bihar Politics:बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर एक बार फिर बड़ा सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने की चर्चा के बीच संभावित सत्ता बदलाव की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। इसी सिलसिले में शुक्रवार (10 अप्रैल) को दिल्ली में होने वाली बीजेपी कोर कमेटी की अहम बैठक आखिरी वक्त पर रद्द कर दी गई, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल और बढ़ गई।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक रद्द होने के बाद बिहार बीजेपी में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अनिश्चितता और गहरी हो गई है। चर्चा है कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम पर केंद्रीय नेतृत्व में पूरी सहमति नहीं बन पा रही है, जिसके चलते मामला अटक गया है।
इसी बीच पटना स्थित बीजेपी कार्यालय के बाहर सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाला एक पोस्टर भी सामने आया, जिसे कुछ ही देर में सुरक्षा कर्मियों ने हटा दिया। पार्टी ने स्पष्ट किया कि इस पोस्टर का बीजेपी से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है।
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि सम्राट चौधरी के समर्थन और विरोध दोनों ही स्तरों पर अंदरूनी खींचतान चल रही है। वहीं विपक्षी दल आरजेडी की टिप्पणियों ने भी माहौल को और गरमा दिया है, जिससे बीजेपी नेतृत्व असहज बताया जा रहा है।राजद की तरफ से सम्राट चौधरी का पक्ष लेना उनको भारी पड़ गया। सम्राट राजद से भाजपा में आए थे और इसी को लेकर राजद काफी खुश थी। राजद का कहना था कि आखिरकार भाजपा को भी लालू के सिपाही को ही बिहार का मुख्यमंत्री बनाना पड़ रहा है।इससे बीजेपी नेतृत्व असहज बताया जा रहा है।
इसी बीच सम्राट चौधरी से जुड़े पुराने मामलों और शैक्षणिक योग्यता को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि इन सभी मुद्दों पर अब तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, और पूरा मामला फिलहाल राजनीतिक अटकलों और चर्चाओं के बीच ही घूम रहा है। दिल्ली से पटना तक सियासी पारा चढ़ा हुआ है और बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस लगातार बना हुआ है।