Chhath Puja 2026 : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पहुँचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ग्रहण किया खरना का महाप्रसाद
Chhath Puja 2026 : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सरकारी आवास पर पहुँचे। जहाँ उन्होंने खरना का प्रसाद ग्रहण किया......पढ़िए आगे
PATNA : लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन 'खरना' के पावन अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सरकारी आवास पर पहुँचे। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रूप से खरना का महाप्रसाद ग्रहण किया और पर्व की पवित्रता व दिव्यता का अनुभव किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समस्त बिहारवासियों को लोक आस्था के महान पर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी बिहार सहित देश और दुनिया भर के तमाम देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएँ देते हुए भगवान भास्कर से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना की।
बता दें की खरना के दिन व्रती पारंपरिक रूप से गन्ने के रस या गुड़ की खीर, रोटी और अन्य पकवान प्रसाद के रूप में तैयार करती हैं। संध्या बेला में भगवान को भोग अर्पित करने के बाद व्रती स्वयं प्रसाद ग्रहण करती हैं और इसे परिवार तथा आसपास के लोगों में वितरित करती हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाता है, जिसे छठ महापर्व का सबसे कठिन और महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। यह उपवास तब तक अनवरत जारी रहता है, जब तक कि डूबते सूर्य और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के सभी मुख्य अनुष्ठान संपन्न नहीं हो जाते।
छठ पर्व परिवारों, समाज और समुदायों की सामूहिक भागीदारी का एक अनूठा और जीवंत प्रतीक है। ‘नहाय-खाय’ की शुरुआत के साथ ही घरों, गलियों और घाटों पर पारंपरिक और कर्णप्रिय छठ गीत गूंजने लगे हैं। परिवार के सभी सदस्य आपसी सहयोग से पूजा की टोकरियाँ सजाने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।