Chhath Puja 2026 : मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में 98 महिला-पुरुष बंदियों ने किया 'खरना', 20 साल की सजा काट रही मुस्लिम महिला भी रख रही है छठ व्रत

Chhath Puja 2026 : मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा के ऊंची दीवारों के बीच भक्ति और आस्था के साथ 98 महिला और पुरुष बंदी छठ व्रतीतो ने खरना का पावन व्रत मनाया......पढ़िए आगे

Chhath Puja 2026 : मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में 98 महिला-पुरुष
जेल में खरना - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम चहुंओर है। जहाँ एक तरफ पूरा राज्य श्रद्धा और उल्लास के साथ 'खरना' का पावन पर्व मना रहा है, वहीं मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा की ऊंची दीवारों के भीतर भी आस्था का एक अनूठा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला है। जेल के अंदर कुल 98 महिला और पुरुष बंदियों ने पूरी निष्ठा और पवित्रता के साथ खरना का व्रत रखा है, जिसके चित्र और वीडियो जेल प्रशासन द्वारा साझा किए गए हैं।

इस पूरी घटना की सबसे बड़ी और खास बात यह है कि मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक मुस्लिम महिला, जो वर्तमान में 20 वर्ष की सजा काट रही है, वह भी पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ इस महापर्व को कर रही है। जेल की चारदीवारी के अंदर बंदियों का यह धार्मिक अनुष्ठान समाज में आपसी सद्भाव और आस्था की एक मिसाल पेश कर रहा है।

जेल प्रशासन की ओर से व्रत करने वाले सभी महिला और पुरुष बंदियों के लिए छठ पूजा की विशेष और बेहतर व्यवस्था की गई है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने इस कठिन अनुष्ठान को पूरा कर सकें। जेल के अंदर व्रतियों ने विधि-विधान से खरना का प्रसाद तैयार किया और संध्या बेला में भगवान भास्कर को भोग लगाकर खुद प्रसाद ग्रहण किया। 

इसके साथ ही बंदियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया है। जेल प्रशासन का कहना है कि पर्व को लेकर बंदियों में काफी उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिल रही है।

मणिभूषण की रिपोर्ट