Bihar Cabinet Meeting: सम्राट चौधरी ने आज बुलाई कैबिनेट मीटिंग, विकास और सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों पर होगा मंथन,बिहार को मिल सकते हैं कई मेगा प्रोजेक्ट्स

Bihar Cabinet Meeting: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज यानी 27 मई को कैबिनेट बैठक बुलाई है। ...

सम्राट चौधरी ने आज बुलाई कैबिनेट मीटिंग,- फोटो : reporter

Bihar Cabinet Meeting: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज यानी 27 मई को कैबिनेट बैठक बुलाई है।  मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हॉल में  शाम 5 बजे बैठक होगी मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से इस बाबत पत्र जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में सरकार कई बड़े और दूरगामी असर डालने वाले प्रस्तावों पर मुहर लगा सकती है। प्रशासनिक गलियारों से लेकर राजनीतिक हलकों तक इस मीटिंग को लेकर जबरदस्त सरगर्मी देखी जा रही है।

बैठक में विभिन्न विभागों के मंत्री और शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे, जबकि शाम 6 बजे कैबिनेट ब्रीफिंग में लिए गए फैसलों का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। उम्मीद है कि विकास योजनाओं, सुरक्षा ढांचे और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

इससे पहले हुई कैबिनेट बैठक में कुल 13 एजेंडों पर मंजूरी दी गई थी, जिसमें खेल, सुरक्षा और विमानन क्षेत्र से जुड़े बड़े फैसले शामिल थे। अरवल में 6.81 एकड़ और औरंगाबाद में 13.09 एकड़ जमीन पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की स्वीकृति दी गई थी, वहीं सलखुआ में आउटडोर स्टेडियम की योजना को भी हरी झंडी मिली थी।सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत बिहार में 11 नए आधुनिक शहर बसाने की प्रक्रिया को भी मंजूरी दी गई थी, जिसके तहत कई इलाकों में जमीन खरीद-बिक्री पर अस्थायी रोक लगाई गई है।

आज की बैठक को लेकर माना जा रहा है कि सरकार एक बार फिर विकास और प्रशासनिक सख्ती का बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है।