Patna News: पटना प्रशासन का सख्त फरमान! प्लास्टिक थैलियों पर सख्ती शुरू, नियम तोड़ा तो होगी सीधी कार्रवाई, DM ने दी कड़ी चेतावनी

Patna News: पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम. ने साफ शब्दों में कहा है कि प्लास्टिक और पॉलीथिन बैग का इस्तेमाल अब पर्यावरण और जनजीवन दोनों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है, इसलिए इसे पूरी तरह बंद करना जरूरी है।...

Patna Cracks Down on Plastic Bags DM Warns Strict Action for
DM ने दी कड़ी चेतावनी- फोटो : reporter

Patna News:  पटना प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ा और सख्त रुख अपनाया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम. ने साफ शब्दों में कहा है कि प्लास्टिक और पॉलीथिन बैग का इस्तेमाल अब पर्यावरण और जनजीवन दोनों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है, इसलिए इसे पूरी तरह बंद करना जरूरी है।

उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सरकार और जिला प्रशासन द्वारा पहले ही पॉलीथिन पर प्रतिबंध लागू किया जा चुका है, और अब इसका सख्ती से पालन कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। तय मानकों से अधिक मोटाई वाले पॉलीथिन के इस्तेमाल पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने चेतावनी भरे अंदाज़ में कहा कि पॉलीथिन न तो आसानी से नष्ट होता है और न ही यह प्रकृति में घुलता है, जिसके कारण यह लंबे समय तक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता रहता है। कई बार यह आवारा जानवरों के लिए जानलेवा साबित होता है, क्योंकि वे गलती से इसे खा लेते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है।

इसके अलावा पॉलीथिन नालियों और जल निकासी व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। नालों में जमा होकर यह जलजमाव की समस्या पैदा करता है, जिससे शहरी क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात तक बन जाते हैं। डॉ. त्यागराजन एस. एम. ने लोगों से अपील की कि वे जागरूक नागरिक बनें और पॉलीथिन के बजाय कपड़े के थैले, पेपर बैग और अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का उपयोग करें।

उन्होंने कहा कि अगर समाज का हर वर्ग सहयोग करे तो पर्यावरण को बचाया जा सकता है और आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित भविष्य दिया जा सकता है। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब और सख्त कार्रवाई की जाएगी।यह संदेश सिर्फ एक प्रशासनिक निर्देश नहीं, बल्कि पर्यावरण बचाने की एक गंभीर चेतावनी भी माना जा रहा है, जिसमें जनता की भागीदारी को सबसे अहम बताया गया है।

अनिल की रिपोर्ट