दिल्ली से लौटते ही नीतीश कुमार से मिले CM सम्राट चौधरी, बिहार के लिए हुआ बड़ा फैसला, इन समझौतों पर लगी मुहर
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री का संदेश देते हुए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि गंगा सहित बिहार की अन्य नदियों के गाद से जुड़ी समस्या को लेकर नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते जो अभियान शुरू किया था, उसे लेकर दिल्ली में बड़ा
Bihar News : दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठकों और बिहार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस दौरान मंत्री विजय चौधरी भी पहले से मौजूद थे। मुख्यमंत्री और नीतीश कुमार के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद बाहर निकले सम्राट चौधरी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने नीतीश कुमार को दिल्ली में हुई बैठकों और बिहार के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों की जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री का संदेश देते हुए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि गंगा सहित बिहार की अन्य नदियों के गाद से जुड़ी समस्या को लेकर नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते जो अभियान शुरू किया था, उसे लेकर दिल्ली में बड़ा समझौता हुआ है। इसी उपलब्धि के लिए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को बधाई दी।
संगठित अपराध को खत्म किया
सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन की व्यवस्था स्थापित की और संगठित अपराध को खत्म करने की दिशा में काम किया। उनकी सरकार भी इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। बिहार में कानून-व्यवस्था और सुशासन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
5 जगहों पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से भी उनकी बातचीत हुई है। उन्होंने पटना में तैयार हो चुके डाटा सेंटर का मुद्दा उठाया और इस दिशा में आगे की पहल करने का आग्रह किया। इसके अलावा बिहार के विकास से जुड़े कई प्रस्ताव केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों को दिए गए हैं। इन प्रस्तावों और बैठकों के नतीजों की जानकारी भी उन्होंने नीतीश कुमार को दी। बिहार में गया की तर्ज पर 5 जगहों पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर स्थापित करने पर भी केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है.
सीतामढ़ी से अयोध्या के लिए वंदे भारत ट्रेन का प्रस्ताव
सम्राट चौधरी ने बताया कि दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने रेल मंत्री से भी मुलाकात की। इस दौरान सीतामढ़ी से अयोध्या के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही छठ और दीपावली के दौरान बिहार आने-जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, रेल मंत्री ने स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है।
नीतीश कुमार से इस मुलाकात को मुख्यमंत्री ने दिल्ली में हुई बैठकों के नतीजों और बिहार के विकास से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी साझा करने का अवसर बताया।
रंजन की रिपोर्ट