Bihar News: छठ घाटों की सफाई तेज, कई शिफ्टों में चल रहा सफाई अभियान

Bihar News: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बेतिया नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।...

Bettiah Municipal Corporation
छठ महापर्व को लेकर नगर निगम अलर्ट- फोटो : reporter

Betiah: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बेतिया नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहरी क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है। घाटों की साफ-सफाई से लेकर पहुंच पथों को दुरुस्त करने तक का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। महापर्व में कम समय शेष रहने के कारण बड़े और प्रमुख छठ घाटों पर कई शिफ्टों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है।इस बार नगर निगम की ओर से घाटों की सफाई में आधुनिक मशीनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। मिनी पोकलेन मशीन की मदद से छठ घाटों के पानी के अंदर जमा कचरे और गंदगी को बाहर निकाला जा रहा है। वहीं, घाट परिसर में फैली गंदगी को हटाकर पूरे इलाके को साफ-सुथरा बनाया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

छठ घाटों तक पहुंचना होगा आसान, रास्तों को बनाया जा रहा मोटरेबल

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम प्रशासन का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों को स्वच्छ घाट और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक छठ घाट के पहुंच पथों की विशेष सफाई कराई जा रही है। साथ ही रास्तों को मोटरेबल बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु आसानी से घाट तक पहुंच सकें।महापौर ने स्पष्ट किया कि किसी भी छठ घाट तक पहुंचने वाले रास्ते में गंदगी, जलजमाव या आवागमन की समस्या नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

दुर्गाबाग घाट का महापौर ने किया निरीक्षण, रोशनी व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

इसी क्रम में महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने दुर्गाबाग छठ घाट पर चल रहे सफाई और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट परिसर के साथ आसपास के इलाकों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने का निर्देश दिया।महापौर के मुताबिक, नगर निगम के बिजली कर्मियों को स्ट्रीट लाइटों के फॉल्ट दूर करने और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। छठ के दौरान सुबह और शाम अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में घाटों पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित आवागमन बेहद जरूरी है।

बिजली के खंभों की अर्थिंग जांचने का निर्देश, सुरक्षा पर विशेष जोर

महापौर ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी छठ घाटों पर लगे बिजली के खंभों की अर्थिंग व्यवस्था की जांच कराने का भी निर्देश दिया है। बिजली से जुड़े किसी भी संभावित खतरे को समय रहते दूर करने के लिए संबंधित कर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया है।नगर निगम प्रशासन की कोशिश है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छता, रोशनी, सुरक्षित रास्ते और बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलें। अब देखना होगा कि महापर्व से पहले सभी घाटों पर तैयारियां किस तरह पूरी होती हैं। फिलहाल बेतिया में छठ घाटों को चकाचक बनाने का अभियान लगातार जारी है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार