पीएम मोदी के दौरे से पहले नीतीश कुमार से मिले सीएम सम्राट चौधरी, सियासी हलचल तेज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम की शुरुआत राघोपुर से होगी, जहां वे गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह–बिदुपुर छह लेन पुल यानी 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित करेंगे।

Samrat Choudhary Meets Nitish Kumar - फोटो : news4nation

Bihar News :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे से ठीक एक दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस मुलाकात को राजनीतिक और प्रशासनिक, दोनों दृष्टिकोणों से काफी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रधानमंत्री के बिहार दौरे और उससे जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ ही सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार को उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण देने पहुंचे थे।


प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से ठीक पहले हुई इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। खासकर नीतीश कुमार के नाम पर प्रस्तावित 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन को लेकर यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बिहार की विकास यात्रा में नीतीश कुमार के योगदान और उनके कार्यकाल में शुरू हुई आधारभूत संरचना की परियोजनाओं को इस कार्यक्रम के जरिए भी रेखांकित किया जाना है।


21 विभागों की 103 योजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम की शुरुआत राघोपुर से होगी, जहां वे गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह–बिदुपुर छह लेन पुल यानी 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री राजापाकर पहुंचकर एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस दौरान बिहार को 21 विभागों की 103 विकास योजनाओं की सौगात मिलने वाली है। इन योजनाओं पर 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इनमें कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि कई नई योजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। 

 

क्या है नीतीश सेतु की खासियत?

गंगा नदी पर बना कच्ची दरगाह–राघोपुर–बिदुपुर पुल बिहार की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है। करीब 19.76 किलोमीटर लंबा यह छह लेन का पुल पटना को वैशाली के रास्ते उत्तर बिहार से जोड़ेगा। इसमें गंगा पर बने मुख्य पुल की लंबाई करीब 9.76 किलोमीटर है।


इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 नवंबर को इसकी आधिकारिक घोषणा की थी। परियोजना की डीपीआर वर्ष 2012 में तैयार हुई थी और निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ था। इसके चालू होने से गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने और पटना से उत्तर बिहार के बीच आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। 

 


राजनीतिक दृष्टि से भी अहम है मुलाकात

प्रधानमंत्री के दौरे से ठीक पहले सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की मुलाकात को एनडीए के भीतर समन्वय और आपसी संवाद के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण और प्रधानमंत्री द्वारा उसका उद्घाटन इस कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से भी खास बना रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री का पूर्व मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें कार्यक्रम की जानकारी देना और समारोह में आमंत्रित करना महज औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में सहयोगी दलों के बीच तालमेल और सम्मान का संदेश भी माना जा रहा है।