Patna Traffic: पटना की कई सड़कें बंद, पीएम मोदी के वैशाली दौरे को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, जानें नए रूट

Patna Traffic: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को वैशाली में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पटना यातायात पुलिस ने खास ट्रैफिक प्लान जारी किया है।

Patna Traffic: पटना की कई सड़कें बंद, पीएम मोदी के वैशाली दौ
पटना की कई सड़कें बंद- फोटो : X

Patna Traffic:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को वैशाली में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पटना यातायात पुलिस ने खास ट्रैफिक प्लान जारी किया है। कार्यक्रम के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए कई अहम रास्तों पर वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था 20 नवंबर की रात 10 बजे से लागू होगी और 21 नवंबर को कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

यातायात पुलिस के निर्देश के मुताबिक, कच्ची दरगाह छह लेन पुल पर भारी और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। इसके साथ ही दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह पुल के ऊपर पश्चिमी लेन में सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और बेवजह जाम की परेशानी से बचें।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कच्ची दरगाह की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। ऐसे वाहनों को दीदारगंज गोलंबर से पुल के नीचे होकर विपरीत दिशा में बने रैंप के रास्ते पुल की पूर्वी लेन से कार्यक्रम स्थल की ओर भेजा जाएगा। वहीं, पटना से वैशाली जाने वाले निजी और छोटे वाहनों के लिए महात्मा गांधी सेतु तथा जेपी सेतु को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निर्धारित किया गया है।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से एयरपोर्ट से शहीद पीर अली मार्ग, हार्डिंग रोड, अटल पथ, दीघा गोलंबर और जेपी गंगा पथ के इस्तेमाल से बचने की अपील की है। इन रास्तों के बजाय अशोक राजपथ और बेली रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

रास्तों और यातायात व्यवस्था से जुड़ी जानकारी के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 0612-2219151 और 9470630615 जारी किए गए हैं। लोगों से अनुरोध है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान देख लें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।

ब्यूरो रिपोर्ट