सम्राट चौधरी ने की नीतीश कुमार से मुलाकात, बांकीपुर उपचुनाव में उम्मीदवार फाइनल करने पर बड़ी खबर

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की। इसके कुछ ही समय बाद सम्राट चौधरी का नीतीश कुमार से मिलना राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया।

Samrat Choudhary met Nitish Kumar - फोटो : news4nation

बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मियों के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की।  इस दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद रहे। इसे आधिकारिक तौर पर शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं।


दरअसल, रविवार को ही जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की। इसके कुछ ही समय बाद सम्राट चौधरी का नीतीश कुमार से मिलना राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया। माना जा रहा है कि एनडीए इस हाई-प्रोफाइल सीट पर अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटा है।


भाजपा उतारेगी उम्मीदवार 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा जल्द ही बांकीपुर सीट से अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है। ऐसे में यह मुलाकात उम्मीदवार के चयन और चुनावी रणनीति पर चर्चा के लिहाज से अहम मानी जा रही है। हालांकि, भाजपा और जदयू की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


1995 से भाजपा का कब्जा 

बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है। यह सीट भाजपा विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई है। वर्ष 1995 से इस सीट पर भाजपा का कब्जा रहा है और पार्टी लगातार यहां जीत दर्ज करती आई है। ऐसे में इस बार का उपचुनाव एनडीए के लिए प्रतिष्ठा का सवाल माना जा रहा है। वहीं, प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। जन सुराज इसे अपने राजनीतिक विस्तार की बड़ी परीक्षा के रूप में देख रही है, जबकि भाजपा अपनी परंपरागत सीट बचाने की चुनौती का सामना करेगी।


बांकीपुर उपचुनाव का कार्यक्रम

भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 7 जुलाई 2026 को अधिसूचना जारी होगी। 14 जुलाई तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 17 जुलाई नाम वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इस सीट पर 30 जुलाई 2026 को मतदान होगा और 3 अगस्त 2026 को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।


बांकीपुर उपचुनाव को बिहार की आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की मुलाकात ने राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है। अब सभी की निगाहें भाजपा के उम्मीदवार और एनडीए की चुनावी रणनीति पर टिकी हैं।