पॉजिटिव राजनीति करें तेजस्वी', सरकार हर सवाल का जवाब देने को तैयार, विपक्ष को संजय झा का कड़ा संदेश

jdu के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने तेजस्वी को 'पॉजिटिव' राजनीति करने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष को सरकार से सार्थक सवाल पूछने चाहिए, और सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Patna - संजय झा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्राओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जब नीतीश कुमार यात्रा पर निकलते हैं, तो इसका अर्थ होता है कि पूरा प्रशासन 'अलर्ट मोड' में आ जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री के निकलने के साथ ही पूरा प्रशासनिक अमला जमीन पर उतरता है और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की जाती है। झा के अनुसार, मुख्यमंत्री के सीधे निर्देशों से कार्यों में गति आती है, जिसका सीधा परिणाम राज्य के विकास के रूप में सामने आता है।

BMC चुनाव की जीत और मुंबई का विकास 

मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में मिली जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय झा ने कहा कि यह जीत उन लोगों के प्रयासों का परिणाम है जिन्होंने मुंबई को बनाया है। उन्होंने इस जीत को देश में हो रहे विकास कार्यों के असर से जोड़कर देखा। साथ ही, महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि अब महागठबंधन का कोई अस्तित्व नहीं रहा है।

विपक्ष को नसीहत: "पॉजिटिव काम करें तेजस्वी, सरकार हर सवाल का देगी जवाब" 

तेजस्वी यादव द्वारा बुलाई गई बैठकों पर टिप्पणी करते हुए संजय झा ने कहा कि विपक्ष की लोकतंत्र में बहुत बड़ी भूमिका होती है और उन्हें बैठकें जरूर करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने तेजस्वी को 'पॉजिटिव' राजनीति करने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष को सरकार से सार्थक सवाल पूछने चाहिए, और सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

रिपोर्ट - रंजन कुमार