रेड लाइट एरिया गोलियों से गूंजा, फायरिंग में किशोर गंभीर रूप से घायल
सासाराम के रेडलाइट इलाका देर शाम गोलियों से गूंज उठा। यहां एक घर में घुसे युवक ने जमकर फायरिंग की, जिसमें युवक घायल हो गया।
Sasaram - जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अमरी टोला (रेड लाइट एरिया) देर शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहाँ बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने एक घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस अंधाधुंध गोलीबारी में एक 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
इलाके में मची अफरा-तफरी
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे और आते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से रेड लाइट एरिया में दहशत का माहौल कायम हो गया। गोलीबारी के दौरान वहां मौजूद एक किशोर इसकी चपेट में आ गया।
गंभीर हालत में वाराणसी रेफर
गोली लगने से किशोर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजनों ने उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुँचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी (बनारस) रेफर कर दिया है। फिलहाल किशोर की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, गोलीबारी की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले का असली कारण क्या था और अपराधी किसे निशाना बनाने आए थे।
रिपोर्ट - रंजन राजपूत