Bihar News: पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद के घर की सुरक्षा बढ़ी, आवास के बाहर तैनात हुई पटना पुलिस
Bihar News: पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद के आवास के बाहर भारी सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। पूर्व मंत्री के घर के बाहर पटना पुलिस तैनात हैं। हमले की जानकारी के बाद सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
Bihar News: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे शकील अहमद खान तथा उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था उस समय कड़ी की गई, जब शकील अहमद को उनके पटना और मधुबनी स्थित आवास पर संभावित हमले की आशंका की जानकारी मिली। दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद शकील अहमद खान ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें “डरपोक नेता” बताया था।
शकील अहमद के घर पहुंची पुलिस
शकील अहमद ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी मजबूत और वरिष्ठ नेताओं को आगे नहीं बढ़ने देते और केवल अपने करीबी लोगों को तरजीह देते हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में बवाल मच गया और कांग्रेस की ओर से उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन की अनुमति भी दी गई। इसी बीच शकील अहमद को यह सूचना मिली कि उनके आवास पर हमला हो सकता है। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी बिहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पटना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके घर और परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी।
आवास पर भारी पुलिस बल तैनात
फिलहाल शकील अहमद के आवास पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा में महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना स्तर से निर्देश मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
शकील अहमद का आरोप
दरअसल, शकील अहमद ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी के आदेश पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। शकील अहमद ने दावा किया कि कांग्रेस के पुराने नेताओं ने उन्हें गुप्त रूप से सूचना दी है कि उनके पटना और मधुबनी स्थित आवास पर हमला हो सकता है। इसी आशंका के चलते उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर दोनों जगहों पर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की थी।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट