श्रावणी मेला 2026: दानापुर मंडल ने 14 जोड़ी ट्रेनों को दिया अतिरिक्त ठहराव, श्रद्धालुओं को होगी सुविधा

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन मार्गों से यात्रा करते हैं। अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था से यात्रियों को चढ़ने-उतरने में सुविधा होगी और यात्रा अधिक सुगम बनेगी।

Shravani Mela 2026- फोटो : news4nation

Bihar Rail News :  श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक विभिन्न स्टेशनों और हॉल्टों पर 14 जोड़ी ट्रेनों का दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को अधिक सुविधा उपलब्ध कराना है।


रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह अतिरिक्त ठहराव खुसरूपुर, हरदास बीघा, फतुहा, अथमलगोला, करौटा, मनकटा, गांधी हॉल्ट और अशोकधाम समेत कई स्टेशनों और हॉल्टों पर दिया जाएगा।


अतिरिक्त ठहराव पाने वाली प्रमुख ट्रेनों में दानापुर–भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, भागलपुर–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, धनबाद–पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस, पटना–धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस, टाटा–आरा–बक्सर एक्सप्रेस, बक्सर–आरा–टाटा एक्सप्रेस, दुर्ग–आरा एक्सप्रेस, आरा–दुर्ग एक्सप्रेस, भागलपुर–मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस, मुजफ्फरपुर–भागलपुर जनसेवा एक्सप्रेस, साहिबगंज–दानापुर एक्सप्रेस, दानापुर–साहिबगंज एक्सप्रेस, हावड़ा–काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस, काठगोदाम–हावड़ा बाघ एक्सप्रेस सहित कुछ मेमू और स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।


रेलवे अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन मार्गों से यात्रा करते हैं। अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था से यात्रियों को चढ़ने-उतरने में सुविधा होगी और यात्रा अधिक सुगम बनेगी। यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी NTES ऐप या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा से प्राप्त करने की अपील की गई है।