Bihar News : समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने बीपीएससी में नवचयनित बेटियां से की मुलाकात, कहा 'सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना' का दिख रहा असर
Bihar News : समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने 70वीं BPSC परीक्षा में अंतिम रूप से चयनित हुईं महिला अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी.......पढ़िए आगे
PATNA : समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने गुरुवार को सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की नवचयनित महिला अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बेटियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार की बेटियां अब बढ़-चढ़ कर हर क्षेत्र में हिस्सा ले रही हैं। वे न केवल शिक्षा के क्षेत्र में आगे आ रही हैं, बल्कि सिविल सेवा जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। यह बिहार के सामाजिक परिवर्तन का सजीव प्रमाण है।
डॉ. श्वेता गुप्ता ने मुख्यमंत्री सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना की सराहना करते हुए बताया कि इस योजना की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण हमारे साथ मौजूद बीपीएससी में चयनित बेटियां हैं। इन्होंने इस योजना का लाभ लेकर परचम लहराया है। महिला एवं बाल विकास निगम के स्तर से संचालित इस योजना का उद्देश्य योग्य महिला अभ्यर्थियों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उन्हें सिविल सेवा की तैयारी में पूर्ण रूप से समर्थ बनाना है।
इस योजना के तहत यूपीएससी एवं बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली अभ्यर्थियों को आगे की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए 1 लाख रुपये और 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इस बार 70वीं बीपीएससी परीक्षा में योजना से लाभांवित 1914 महिला अभ्यर्थियों को 50-50 हजार रुपये की दर से कुल 9 करोड़ 57 लाख रुपये की राशि दी गई है। इनमें अंतिम रूप से 148 महिला अभ्यर्थी सफल हुईं। इस सहायता का लाभ सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) तथा पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को प्रदान किया जा रहा है।
इस योजना की शुरुआत वर्ष 2021 से हुई थी। पिछले पांच वर्ष के दौरान यूपीएससी एवं बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली 4 हजार 473 महिला अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिल चुका है। इनमें अंतिम रूप से 311 महिला अभ्यर्थियों (यूपीएससी में 13 और बीपीएससी में 298 महिला) का चयन विभिन्न पदों पर हो चुका है। मौके पर प्रशासी पदाधिकारी मंजूषा चंद्रा ने महिला अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। नोडल पदाधिकारी मार्गण सिन्हा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।