रानीतालाब में दर्दनाक हादसा: सोन नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत, NDRF ने बरामद किए शव

पटना जिले के रानीतालाब थाना अंतर्गत इक़बालगंज निसरपुरा गांव में दुखद घटना। रविवार को सोन नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों (ईशु और रौनक) की गहरे पानी में जाने से डूबकर मौत हो गई।घटना के बाद से ही मृत बच्चों के घरों में कोहराम मचा हुआ है

सोन नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत, NDRF ने बरामद किए शव- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल स्थित रानीतालाब थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। इक़बालगंज निसरपुरा गांव के दो मासूम बच्चों की सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही मृत बच्चों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


रविवार से लापता थे दोनों दोस्त, नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा 

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी स्वर्गीय चंदन कुमार का 12 वर्षीय पुत्र ईशु कुमार और रविशंकर कुमार का 13 वर्षीय पुत्र रौनक कुमार रविवार को एक साथ सोन नदी में नहाने गए थे। नहाने के क्रम में दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। देर शाम तक जब बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।


NDRF और पुलिस की मशक्कत, सोमवार को मिले दोनों शव 

घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने सोन नदी में व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार दोपहर को दोनों मासूमों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। जैसे ही शव घाट पर पहुंचे, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।


पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

 रानीतालाब थाना पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम को शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। एक ही गांव के दो सगे दोस्तों की इस तरह असमय मौत से इक़बालगंज निसरपुरा गांव का हर व्यक्ति मर्माहत है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ऋषिकेश की रिपोर्ट