अनंत सिंह के विरोधी सोनू-मोनू के पिता को कोर्ट से मिली राहत, 25 हजार का इनामी बेटा अब भी फरार

मोकामा विधायक अनंत सिंह के विरोधी सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह को पिछले दिनों पचमहला थाना पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार किया था। उन्हें कोर्ट से बड़ी राहत मिली है.

Sonu-Monu Father- फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना के चर्चित इनामी वांछित सोनू-मोनू के पिता और अधिवक्ता प्रमोद सिंह को बड़ी राहत मिली है। पचमहला थाना में दर्ज मामले में गिरफ्तार किए गए प्रमोद सिंह को गुरुवार को अदालत से जमानत मिल गई। हालांकि, उनके दोनों बेटे सोनू और मोनू अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें सोनू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है और पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।


प्रमोद सिंह को पिछले दिनों पचमहला थाना पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार किया था। उन पर आरोप है कि पुलिस ने अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक बाइक जब्त की थी, जिसे बाद में सोनू-मोनू के समर्थक पुलिस के कब्जे से जबरन छुड़ा ले गए। जांच के दौरान वही जब्त बाइक प्रमोद सिंह के घर से बरामद हुई थी। इसके अलावा उन पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया था। इसी मामले में पंचमहला थाना कांड संख्या 27/2026 दर्ज किया गया था।


प्रमोद सिंह की गिरफ्तारी के लिए बाढ़ के एसडीपीओ राम कृष्ण के नेतृत्व में पचमहला समेत कई थानों की पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की थी। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। गुरुवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।


वहीं, कुख्यात अपराधी सोनू और मोनू की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और हाल के महीनों में उनकी गिरफ्तारी के लिए पटना समेत कई जिलों में लगातार छापेमारी की गई है। सोनू पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।


क्या है सोनू-मोनू का मामला?

मोकामा के पंचमहला थाना क्षेत्र के रहने वाले सोनू और मोनू पिछले कई वर्षों से पुलिस के रडार पर हैं। हाल के दिनों में दोनों का नाम अवैध बालू खनन, पुलिस कार्रवाई में बाधा, फायरिंग और गैंगवार जैसे मामलों में सामने आया है। मई 2026 में उनके घर पर पुलिस छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मियों की तलाशी लिए जाने का वीडियो भी काफी चर्चा में रहा था, जिसके बाद पूरे मामले ने राज्यभर में सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया था, लेकिन अब तक दोनों फरार हैं।

अनंत सिंह से अदावत 

सोनू-मोनू की अदावत मोकामा के विधायक बाहुबली अनंत सिंह से भी रही है। अनंत सिंह खुद बाहुबली छवि के नेता हैं। सोनू-मोनू के घर पर गोली चलाने के मामले में अनंत सिंह को जेल भी जाना पड़ा था। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रमोद सिंह को जमानत मिलने से सोनू और मोनू के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें कानून के शिकंजे में लाने का दावा किया जा रहा है।

रवि शंकर की रिपोर्ट