Patna road Accident: पटना में रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत, दोस्त जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा
Patna road Accident: रफ्तार के बेखौफ खेल ने दानापुर के एक होनहार युवक की जिंदगी छीन ली, जबकि उसका दोस्त जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।...
Patna road Accident: रफ्तार के बेखौफ खेल ने दानापुर के एक होनहार युवक की जिंदगी छीन ली, जबकि उसका दोस्त जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। फतुहा के डुमरी फोरलेन पर रविवार की सुबह जो हुआ, उसने एक बार फिर सड़क सुरक्षा की सच्चाई को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
घटना उस वक्त हुई जब दानापुर पेठिया बाजार निवासी 24 वर्षीय साहिल कुमार अपने दोस्त प्रिंस कुमार के साथ नालंदा जिले के नगरनौसा से बाइक पर लौट रहा था। दोनों दोस्तों की यह यात्रा एक आम सफर थी, लेकिन किसे पता था कि रास्ते में मौत घात लगाए बैठी है।
जैसे ही उनकी बाइक फतुहा थाना क्षेत्र के डुमरी फोरलेन के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए। इसी अफरा-तफरी में एक ट्रक का पहिया सड़क पर गिरे साहिल के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद सड़क पर खून और चीख-पुकार का मंजर था। प्रिंस किसी तरह सड़क किनारे गिरकर बच तो गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। घायल प्रिंस को फतुहा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया।पुलिस ने मृतक साहिल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए NMC पटना भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश में जांच तेज कर दी गई है।यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाही और बेलगाम रफ्तार का खौफनाक नतीजा है, जिसने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
रिपोर्ट- रजनीश कुमार