10 सर्कुलर रोड के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, बच्ची को बचाने के प्रयास में हुई घटना

राजधानी पटना के वीवीआईपी इलाके से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियों दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। कार में सवार तीनों लोगों को सिर्फ मामूली चोटें आई है.....

10 सर्कुलर रोड के पास बड़ा हादसा- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के अति-विशिष्ट (VVIP) इलाके में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। 13 नंबर चेक पोस्ट के समीप 10 सर्कुलर रोड पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।


सड़क पार कर रही मासूम को बचाने के दौरान हुआ हादसा 

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो काफी तेज गति में जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक बच्ची सड़क पार करने लगी। बच्ची को अचानक सामने देख चालक ने उसे बचाने के उद्देश्य से वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे स्कॉर्पियो जोरदार झटके के साथ सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई।


कार सवार तीनों लोग बाल-बाल बचे, आई हल्की चोटें 

गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। कार में सवार तीनों लोग बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। बच्ची भी पूरी तरह सुरक्षित बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार सवारों को बाहर निकाला और राहत पहुंचाई।


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 और स्थानीय पुलिस 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और आपातकालीन डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित किया और सड़क पर बाधित हो रहे आवागमन को सुचारू कराने के लिए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को किनारे करवाने की कार्रवाई शुरू की।


तकनीकी पहलुओं और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच तेज 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का सटीक पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस कार सवारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।


अनिल की रिपोर्ट