नवादा में भव्य शांति पाठ का आयोजन, पटना साहिब से पहुंचे रागी जत्थे ने की गुरुवाणी

नवादा में भव्य शांति पाठ का आयोजन, पटना साहिब से पहुंचे रागी
नवादा में भव्य शांति पाठ का आयोजन- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के हिसुआ नगर में रविवार को सिख संगत द्वारा क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना के लिए भव्य शांति पाठ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा से विशेष रागी जत्था हिसुआ पहुंचा। पूरे आयोजन के दौरान गुरुद्वारा परिसर को मनमोहक फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।


भाई हरजीत सिंह की गुरुवाणी से निहाल हुई संगत, दलजीत सिंह ने दिया प्रवचन 

समारोह के दौरान पटना साहिब से आए भाई हरजीत सिंह ने अपनी मधुर वाणी में शबद कीर्तन और गुरुवाणी का गायन कर उपस्थित संगत को भावविभोर कर दिया। वहीं, कथा वाचक दलजीत सिंह ने सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन चरित्र, उनके महान त्याग और सिख धर्म के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। पाठ समाप्ति के उपरांत देश-दुनिया की शांति के लिए अरदास की गई।


संत बाबा जसवीर सिंह ने दिया आशीर्वाद, बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु 

इस पवित्र धार्मिक आयोजन में महेंद्र पाल सिंह ढिल्लों, त्रिलोक सिंह, जगजीत सिंह, दिलीप सिंह, रंजीत सिंह और धर्मवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख समाज व स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संत बाबा जसवीर सिंह जी ने उपस्थित सभी संगतों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया और समाज में आपसी सौहार्द, शांति एवं मानव सेवा का संदेश दिया।


दिवंगत अर्जुन दास उर्फ मुन्ना की स्मृति में आज आयोजित होगी श्रद्धांजलि सभा 

इसी श्रृंखला में, दिवंगत अर्जुन दास उर्फ मुन्ना जी की स्मृति में 30 अगस्त को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक नानकशाही पाचू संगत गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धांजलि सभा एवं अंतिम अरदास का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर गुरुद्वारा प्रबंधन एवं सिख संगत द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


श्री सुखमणि साहिब पाठ व वैराग्यमयी कीर्तन के बाद बांटा जाएगा कड़ाह प्रसाद 

श्रद्धांजलि सभा के दौरान श्री सुखमणि साहिब जी का पाठ और वैराग्यमयी कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। तत्पश्चात दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सामूहिक अरदास की जाएगी और उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच कड़ाह प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस आयोजन में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगतों के जुटने की संभावना है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट