मंत्री संजय सिंह का प्रयास लाया रंग, भगवानपुर-कर्पूरीग्राम वाया महुआ-ताजपुर रेल लाइन परियोजना को मिली मंजूरी

वैशाली जिले के महुआ विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए एक ऐतिहासिक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मंत्री संजय सिंह के प्रयास से भगवानपुर–कर्पूरीग्राम वाया महुआ–ताजपुर लगभग 60 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के निर्माण की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है.....

मंत्री संजय सिंह का प्रयास लाया रंग, भगवानपुर-कर्पूरीग्राम व
महुआ-ताजपुर रेल लाइन परियोजना को मिली मंजूरी- फोटो : देवांशु प्रभात

Patna : वैशाली जिले के महुआ विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए एक ऐतिहासिक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भगवानपुर–कर्पूरीग्राम वाया महुआ–ताजपुर लगभग 60 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। प्रकाशित जानकारियों के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना के निर्माण पर लगभग 1,692 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिससे पूरे क्षेत्र के आधारभूत ढांचे में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।


चुनाव में जनता से किया गया वादा पूरा होने की दिशा में बढ़ा कदम : संजय सिंह 

परियोजना के संदर्भ में महुआ विधायक सह मंत्री संजय सिंह ने कहा कि महुआ को रेल नेटवर्क से जोड़ना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने महुआ की सम्मानित जनता से जो वादा किया था, यह परियोजना की स्वीकृति उसी संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम है।


किसान, व्यापारी और आम जनता को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी व व्यापारिक लाभ 

नई रेल लाइन के दूरगामी फायदों को रेखांकित करते हुए मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से महुआ और आसपास के इलाकों को सुगम रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। इससे स्थानीय किसानों को अपनी कृषि उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी, व्यापारियों के व्यापार का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों और आम यात्रियों को आवागमन में भारी सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।


रेल मंत्री से मिलकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का किया जाएगा आग्रह 

मंत्री संजय सिंह ने कहा कि वे इस परियोजना पर धरातलीय कार्य जल्द से जल्द शुरू कराने के लिए शीघ्र ही केंद्रीय रेल मंत्री से पुनः मुलाकात करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी हों और रेल लाइन निर्माण का काम तय समयसीमा के भीतर शुरू कराया जा सके, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका लाभ तुरंत मिल सके।


क्षेत्रीय आर्थिक और सामाजिक संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास का दोहराया संकल्प 

महुआ विधायक ने दोहराया कि जनता का विश्वास और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि महुआ को रेलवे के मुख्य नेटवर्क से जोड़ने का वर्षों पुराना सपना अब धरातल पर उतरने की राह पर है। इस ऐतिहासिक परियोजना को पूर्ण कराने के लिए उनका प्रयास बिना रुके निरंतर जारी रहेगा।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट