Bihar Budget Session: कबड्डी विश्व कप को लेकर घिरी खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, नीतीश सरकार के विधायक ने सदन में उघेरी बखिया

Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन सदन में भारी बवाल देखने को मिल रहा है। सदन में भाजपा विधायक ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से कबड्डी विश्व कप के रद्द होने को लेकर सवाल पूछा..

सदन में भारी बवाल - फोटो : social media

Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा में कबड्डी विश्व कप को लेकर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को सत्तापक्ष के ही विधायक के सवालों का सामना करना पड़ा। बैकुंठपुर से भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी ने पटना में प्रस्तावित कबड्डी विश्व कप के आयोजन और बाद में उसके रद्द होने को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

मिथिलेश तिवारी के सवाल पर घिरी श्रेयसी सिंह 

मिथिलेश तिवारी ने पूछा कि जब कबड्डी महासंघ पर गंभीर आरोप लगे थे और मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा था, तब 4 फरवरी 2025 को 8 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का करार क्यों किया गया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई की जाएगी।

कबड्डी विश्व कप के रद्द होने से बवाल 

इस पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि कबड्डी महासंघ से जुड़े मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही थी और गंभीर आरोपों के चलते बिहार में कबड्डी विश्व कप का आयोजन रद्द करना पड़ा। उन्होंने बताया कि 4 फरवरी को ही राज्य कैबिनेट की बैठक हुई थी और उसी दिन सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी आया था। मामले पर बहस आगे बढ़ने लगी तो विधानसभा अध्यक्ष ने हस्तक्षेप करते हुए मंत्री से पूरे प्रकरण की जांच कराने को कहा। इसके बाद इस मुद्दे पर चर्चा को आगे नहीं बढ़ाया गया।

पटना से रंजन की रिपोर्ट