बोरिया-बिस्तर समेट लिजिए SSP साहब, सीएम सम्राट का कड़ा संदेश, एनकाउंटर थ्योरी का संदेश समझ लीजिए

Bihar News : बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने प्रदेश में क्राइम कंट्रोल के लिए एनकाउंटर थ्योरी पर जोर दिया है। उन्होंने पुलिस महकमे को साफ कहा है कि किसी भी हाल अपराधियों पर लगाम लगनी चाहिए। यह आदेश धरातल पर दिखने लगा है...

Desk : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश की बागडोर संभालते ही अपराध के विरुद्ध निर्णायक जंग का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में अब 'जीरो टॉलरेंस' की नीति केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों से निपटने के लिए खुली छूट (फ्री-हैंड) देते हुए 'एनकाउंटर थ्योरी' पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री का संदेश साफ है: यदि अपराधी पुलिस पर गोली चलाएंगे, तो पुलिस की बंदूकें भी खामोश नहीं रहेंगी।


धरातल पर दिखने लगा सीएम का आदेश

मुख्यमंत्री के कड़े रुख का असर धरातल पर दिखने लगा है। हालिया रिपोर्टों के अनुसार, नई सरकार के गठन और सम्राट चौधरी के सक्रिय होने के बाद बिहार पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ों में अब तक 10 से अधिक कुख्यात अपराधियों को ढेर किया है। हालांकि यह एनकाउंटर पुलिस ने उस वक्त किये थे, जब सम्राट चौधरी सीएम नहीं बल्कि नीतीश सरकार मे डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री थे। वहीं सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद महज चंद दिनों के अंदर दो कुख्यात अपराधियों का पुलिस ने एनकाउंटर किया। नवादा में टिंकू यादव जैसे बड़े अपराधियों के मारे जाने और बेगूसराय व अन्य जिलों में हुई मुठभेड़ों ने अपराधियों के मनोबल को पूरी तरह तोड़ दिया है। वहीं बीते मंगलवार को भागलपुर जिले से सुलतानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या मामले में शामिल कुख्यात रामधनी यादव को महज 12 घंटे के अंदर पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर पुलिस ने अपनी मंशा साफ कर दी कि अब अपराधियों की खैर नही है। 


'अपराधी या तो जेल जाएँगे या सीधे परलोक' 

गौरतलब है कि सम्राट चौधरी ने अपनी पहली समीक्षा बैठक में ही अधिकारियों को निर्देशित किया था कि अपराधियों के मन में कानून का ऐसा खौफ पैदा करें कि वे राज्य छोड़कर भागने पर मजबूर हो जाएं। उन्होंने कहा कि संवेदनहीनता की जगह, पुलिस की कार्रवाई न्यायसंगत और अपराधियों के लिए काल होनी चाहिए। इस नीति के तहत, संगठित अपराध, बालू माफिया और भू-माफियाओं के खिलाफ विशेष रणनीति बनाई गई है, जिससे राज्य में बड़े एनकाउंटर और गिरफ्तारियों का दौर शुरू हो गया है।


पुलिस को सख्त आदेश: आत्मरक्षा में पीछे न हटें 

गृह विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास ही है। सीएम ने पुलिस अधिकारियों का मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान यदि कोई अपराधी पुलिस टीम पर हमला करता है, तो पुलिस को अपनी और जनता की सुरक्षा में जवाबी कार्रवाई करने में बिल्कुल भी संकोच नहीं करना चाहिए। इसी 'एनकाउंटर थ्योरी' के कारण पिछले कुछ हफ्तों में बिहार के विभिन्न जिलों से लगातार मुठभेड़ की खबरें सामने आ रही हैं, जिसने अपराधियों के सुरक्षित ठिकानों को असुरक्षित बना दिया है।


एक ओर जहां सरकार इन कार्यवाहियों को प्रदेश में शांति बहाली का जरिया बता रही है, वहीं विपक्ष ने इन एनकाउंटरों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। विपक्ष ने इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन और 'फर्जी एनकाउंटर' की संस्कृति बताया है। हालांकि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इन आरोपों को दरकिनार करते हुए कहा है कि बिहार की जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का संकल्प है कि बिहार को अपराध मुक्त बनाकर ही दम लेंगे, चाहे इसके लिए कितनी ही कठोर कार्रवाई क्यों न करनी पड़े।