अशोकधाम हादसे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया शोक : प्रशासनिक विफलता को बताया जिम्मेदार, कार्रवाई और मुआवजे की मांग

लखीसराय के ऐतिहासिक अशोकधाम मंदिर में हुए दर्दनाक भगदड़ हादसे पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने गहरा शोक व्यक्त किया है। वहीं उन्होने घटना के लिए सीधे तौर पर प्रशासन को जिम्मेवार बताया है.....

अशोकधाम हादसे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया शोक- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : लखीसराय के ऐतिहासिक अशोकधाम मंदिर में हुए दर्दनाक भगदड़ हादसे पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस घटना को पूरी तरह प्रशासनिक विफलता का परिणाम करार दिया है। उन्होंने राज्य सरकार से लापरवाही बरतने वाले दोषी प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और उन पर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।


तीसरी सोमवारी पर अशोकधाम में उमड़ी थी भीड़: सुरक्षा इंतजामों में गंभीर चूक का आरोप 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर ऐतिहासिक शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए करीब 50 हजार श्रद्धालु पहुंचे थे। मंदिर के धार्मिक महत्व को देखते हुए जिला प्रशासन को पुख्ता सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम करने चाहिए थे। इसके बावजूद व्यवस्था में गंभीर चूक हुई, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हो गया। उन्होंने सरकार से मांग की कि दोषी अफसरों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हादसे में महिलाओं की मौत, 23 घायल: मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका 

अशोकधाम में मची इस भगदड़ में अब तक 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 23 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 3 श्रद्धालुओं की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इस हृदय विदारक घटना के बाद से ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच गहरा आक्रोश और मातम का माहौल व्याप्त है।


सरकारी मुआवजे को बताया नाकाफी: घायलों के मुफ्त इलाज और सहायता की मांग 

राजेश राम ने बिहार सरकार द्वारा मृत श्रद्धालुओं के परिजनों के लिए घोषित मुआवजे की राशि को बेहद नाकाफी बताया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि मुआवजा राशि को अविलंब बढ़ाया जाए। इसके साथ ही, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए सभी श्रद्धालुओं का पूरा इलाज सरकारी खर्च पर कराने तथा उन्हें भी उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान करने की पुरजोर मांग की है।


भविष्य में हादसों पर रोक की अपील: प्रशासनिक जवाबदेही तय करने पर जोर 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल मुआवजा देना ही समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि जिन अधिकारियों की लापरवाही से यह जान-माल का नुकसान हुआ है, उन पर दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। जब तक जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक ऐसे हादसों पर रोक लगाना संभव नहीं होगा।


नरोत्तम की रिपोर्ट