मोकामा में राजकीय महोत्सव परशुराम जन्मोत्सव 19 अप्रैल से, वरीय अधिकारियों की बैठक में महत्वपूर्ण निर्देश
“परशुराम जन्मोत्सव” में 19 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 20 अप्रैल को राजकीय महोत्सव का शुभारंभ और 26 अप्रैल को समापन समारोह होगा।
Mokama : मोकामा में आयोजित होने वाले राजकीय महोत्सव “परशुराम जन्मोत्सव” को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मेले की तैयारी और विधि-व्यवस्था को लेकर वरीय अधिकारियों एवं आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बाढ़ भूमि सुधार उपसमाहर्ता सहित मोकामा व घोसवरी अंचल के सीओ, पुलिस पदाधिकारी, रेफरल अस्पताल और घोसवरी पीएचसी के अधिकारी, नगर परिषद तथा अग्निशमन विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने पर विस्तृत चर्चा की।
प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार, वर्ष 2026 में भगवान परशुराम मेला 19 अप्रैल से 26 अप्रैल तक आयोजित होगा। जारी कार्यक्रम के मुताबिक 19 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 20 अप्रैल को राजकीय महोत्सव का शुभारंभ और 26 अप्रैल को समापन समारोह होगा। वहीं कथावाचिका अनन्या शर्मा सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा करेंगी। साथ ही मेले के दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
भगवान परशुराम मंदिर, मोकामा परिसर में आयोजित बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। हर विभाग को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए अलर्ट रहने को कहा गया है।
इधर, परशुराम सेवा समिति के सदस्यों ने हाल ही में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, एमएलसी नीरज कुमार और कार्तिक सिंह तथा विधायक अनंत सिंह से मुलाकात कर उन्हें महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया है।