औरंगाबाद में 50 हजार रुपये घूस लेते दारोगा गिरफ्तार, निगरानी की टीम ने रंगे हाथ दबोचा

भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। निगरानी की टीम ने औरंगाबाद में एक दरोगा को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है......

घूस लेते दारोगा गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की मुख्यालय टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को निगरानी की टीम ने औरंगाबाद जिले के रिसिअप थाने में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (Sub-Inspector) उमेश कुमार को 50,000 (पचास हजार) रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई रिसिअप थाना के पीछे स्थित पंचायत भवन के सामने सड़क पर की गई।


केस से नाम और धाराएं हटाने के लिए मांगी थी घूस 

मामले के संबंध में बताया गया है कि औरंगाबाद जिले के रिसिअप थाना अंतर्गत गणपत दुआ निवासी परिवादी लक्ष्मण राम (पिता- सरयू राम) ने निगरानी ब्यूरो, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी और उनके पड़ोसियों के बीच एक-दूसरे के परिवार पर काउंटर केस दर्ज कराया गया था। इस मामले के अनुसंधानकर्ता (Investigating Officer) दरोगा उमेश कुमार विपक्ष द्वारा दर्ज कराए गए केस (कांड सं०-159/26) से कुछ धाराएं हटाने और लक्ष्मण राम के दो पुत्रों का नाम एफआईआर से निकालने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे थे।


रिश्वत न देने पर केस में नई धाराएं जोड़ने की दी थी धमकी 

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी दरोगा उमेश कुमार द्वारा यह धमकी दी जा रही थी कि यदि रिश्वत की रकम नहीं दी गई, तो वे केस में अन्य संगीन धाराएं जोड़ देंगे। परिवादी की शिकायत के बाद निगरानी ब्यूरो ने गुप्त रूप से मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी पुलिस अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण सही पाया गया। इसके बाद ब्यूरो ने तुरंत प्राथमिक दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।


निगरानी के धावादल ने जाल बिछाकर दबोचा 

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया। योजना के तहत जैसे ही परिवादी लक्ष्मण राम ने आरोपी दरोगा उमेश कुमार को रिसिअप थाने के पीछे पंचायत भवन के पास 50,000 रुपये रिश्वत के थमाए, वैसे ही पास में सादे लिबास में तैनात निगरानी की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया।


विशेष अदालत में किया जाएगा पेशआगे की जांच जारी 

निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दरोगा उमेश कुमार (निगरानी थाना कांड सं०-091/26) को गिरफ्तार कर पटना लाया गया है। यहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत आरोपी को पटना स्थित माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी) के समक्ष उपस्थापित किया जाएगा। निगरानी ब्यूरो की इस त्वरित कार्रवाई से घूसखोर अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।


अनिल की रिपोर्ट