पटना में बेखौफ अपराधियों का तांडव: दुकान में घूसकर दुकानदार को मारी गोली, हालत गंभीर
अभी-अभी राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दुकान में घूसकर एक दुकानदार को गोली मार दी है। घटना में गंभीर रुप से घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.....
Patna : राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। बेखौफ बेलागाम अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए दीघा थाना क्षेत्र में एक दुकानदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय दुकानदारों व आम लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया है।
दुकान में घुसकर मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दीघा थाना क्षेत्र स्थित गेट नंबर 95 के पास की है। घटना के शिकार युवक की पहचान सुरेंद्र राम के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्तर पर गैस चूल्हा रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। बताया जा रहा है कि रोज की तरह वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था, तभी अज्ञात अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
निजी अस्पताल में भर्ती, स्थिति नाजुक
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और अन्य दुकानदार तुरंत मौके की ओर दौड़े। लहूलुहान अवस्था में सुरेंद्र राम को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक खून बह जाने और गोली लगने के कारण युवक की स्थिति चिंताजनक और गंभीर बनी हुई है।
मामले की छानबीन में जुटी दीघा थाना पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है ताकि हमलावर अपराधियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का सुराग मिल सके।
रंजिश या रंगदारी? हर एंगल से जांच जारी
वारदात के कारणों का फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई पुरानी आपसी रंजिश थी या फिर मामला रंगदारी से जुड़ा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अनिल की रिपोर्ट