पटना में चुनावी रंजिश का खूनी खेल: अनंत सिंह के समर्थक को गला दबाकर मारने की कोशिश, मची अफरा-तफरी!
विधायक अनंत सिंह के समर्थक सुबीर सिंह पर जानलेवा हमला किया गया है। NH-31 पंडारक बाजार में हमलावरों ने सुबीर सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की और गला दबाकर उनकी हत्या का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत कुमार ने मामले क
Patna/Badh - : बिहार में राजनीतिक रंजिशें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताज़ा मामला बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र का है, जहाँ बाहुबली विधायक अनंत सिंह के समर्थक सुबीर सिंह पर जानलेवा हमला हुआ है। NH-31 स्थित पंडारक बाजार में हमलावरों ने सुबीर सिंह के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि गला दबाकर उनकी हत्या करने का भी प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।
चुनावी खुन्नस में लहूलुहान हुआ 'समर्थक'
घायल के भाई अमित कुमार के अनुसार, पूरा मामला विधानसभा चुनाव की रंजिश से जुड़ा है। उनका परिवार अनंत सिंह का कट्टर समर्थक रहा है, जो विरोधियों को नागवार गुजर रहा था। आरोप है कि इसी खुन्नस में विरोधी गुट के लोगों ने घात लगाकर सुबीर पर हमला बोला। गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत पटना रेफर कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष का बयान: "दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा"
घटना की गंभीरता को देखते हुए पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत कुमार दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा : "परिजनों ने सूरजभान सिंह के रिश्तेदारों और अन्य लोगों पर आरोप लगाया है। अभी पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन का इंतजार है। जैसे ही आवेदन प्राप्त होगा, पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।"
पुराने विवाद की आग ने फिर पकड़ा जोर
पुलिस जांच में यह बात सामने आ रही है कि विधानसभा चुनाव के दौरान सुबीर कुमार पर गाड़ी तोड़फोड़ का एक मामला दर्ज हुआ था। माना जा रहा है कि उसी पुराने विवाद और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई ने आज इस हिंसक मोड़ ले लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच आक्रोश चरम पर है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
Report - Ravi shankar