5 लाख की रिश्वत और स्मार्ट वॉच लेते सहायक अभियंता गिरफ्तार, SVU की बड़ी कार्रवाई

पटना में विशेष इकाई (SVU) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बेतिया में तैनात एक सहायक अभियंता को भारी भरकम रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

Patna/Bettiah - : बेतिया में विशेष इकाई (SVU) ने जिला शिक्षा परियोजना के सहायक अभियंता रोशन कुमार को ₹5,00,000 की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। अभियंता स्कूलों के मरम्मत कार्य का बिल पास करने के बदले घूस की मांग कर रहे थे।

बिल पास करने के बदले मांगी थी भारी घूस

जिला शिक्षा परियोजना, बेतिया में कार्यरत सहायक अभियंता रोशन कुमार पर आरोप था कि उन्होंने विभिन्न स्कूलों में समरसेबल पंप लगाने और जीर्णोद्धार (मरम्मत) कार्य के बकाया बिलों को पास करने के लिए रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार की शिकायत पर SVU (Special Vigilance Unit) ने गुप्त रूप से जांच शुरू की, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।

SVU की टीम ने बिछाया जाल

शिकायत के सत्यापन के बाद SVU ने एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। इस टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद और पुलिस उपाधीक्षक सुधीर कुमार ने किया। टीम ने रणनीति के तहत बेतिया में जाल बिछाया ताकि आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा जा सके।

₹5 लाख नगद और स्मार्ट वॉच के साथ गिरफ्तारी

सोमवार की शाम लगभग 17:40 बजे, SVU की टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता रोशन कुमार को रंगे हाथों धर दबोचा। गिरफ्तारी के समय उनके पास से रिश्वत के रूप में लिए गए 05 लाख रुपये नगद और एक स्मार्ट वॉच बरामद की गई।

आगे की कार्रवाई जारी

गिरफ्तारी के बाद SVU की टीम आरोपी अभियंता से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस रिश्वतखोरी के खेल में विभाग के अन्य अधिकारी भी शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Report - anil kumar