ईरान संकट: मुकेश सहनी ने जताई चिंता, पीएम मोदी से की बिहार के प्रवासियों की सुरक्षित वापसी की मांग
VIP प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने ईरान में गहराते युद्ध संकट के बीच वहां फंसे भारतीय नागरिकों, विशेषकर बिहार के प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से इस दिशा में अविलंब ठोस कदम उ
Patna : विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने ईरान के ताजा हालातों को वैश्विक शांति के लिए खतरा बताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से ईरान में फंसे बिहार के लोगों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए तत्काल और प्रभावी कूटनीतिक कदम उठाने की अपील की है।
युद्ध समाधान नहीं, वैश्विक शांति के लिए खतरा
मुकेश सहनी ने पटना में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि ईरान में वर्तमान हालात और हालिया घटनाक्रम अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि युद्ध कभी भी किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। किसी भी संप्रभु राष्ट्र के शीर्ष नेतृत्व पर हमला न केवल निंदनीय है, बल्कि यह क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक शांति के लिए एक गंभीर चुनौती है। उन्होंने इस संकटपूर्ण समय में संयम और संवाद को ही एकमात्र रास्ता बताया।
ईरान में फंसे बिहारियों के लिए बढ़ी चिंता
पूर्व मंत्री ने विशेष रूप से उन बिहारियों का जिक्र किया जो रोजी-रोटी के लिए ईरान और अन्य खाड़ी देशों में रहकर काम करते हैं। सहनी ने कहा, "इस संकट की घड़ी में वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।" उन्होंने बताया कि युद्ध की आहट से बिहार में रह रहे उनके परिजन बेहद परेशान और डरे हुए हैं।
पीएम और गृह मंत्री से हस्तक्षेप का आग्रह
मुकेश सहनी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि ईरान में फंसे भारतीयों की शीघ्र और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए विशेष विमानों या कूटनीतिक माध्यमों का उपयोग किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर ठोस कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
हेल्पलाइन नंबर जारी करने की अपील
सहनी ने बिहार सरकार से भी आग्रह किया है कि वह खाड़ी देशों में फंसे प्रवासी बिहारियों के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी करे। इससे न केवल फंसे हुए लोगों को सहायता मिलेगी, बल्कि उनके परिजनों को भी अपनों के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी, जिससे उनकी मानसिक परेशानी कम होगी।