Bihar News : पटना में मनाई गयी स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव और पूर्व मंत्री अनिल कुमार के साथ कई गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि
Bihar News : पटना में स्वामी सहजानंद सरस्वती की 137 वीं जयंती आयोजित की गयी. इस मौके पर कृषि मंत्री रामकृपाल यादव और पूर्व मंत्री अनिल कुमार के साथ कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि दी....पढ़िए आगे
PATNA : किसान आंदोलन के युगद्रष्टा, शोषित–वंचित समाज की संगठित चेतना के शिल्पकार और सामाजिक न्याय के निर्भीक प्रहरी स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती 15 फरवरी 2026 (रविवार) को प्रातः 11:30 बजे पटना में वैचारिक गंभीरता, श्रद्धा और संघर्ष की भावना के साथ मनाई गई। यह आयोजन स्वामी सहजानंद सरस्वती स्मारक समिति, पटना के तत्वावधान में विद्यापति मार्ग स्थित स्वामी सहजानंद सरस्वती स्मारक परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल एक महापुरुष को श्रद्धांजलि अर्पित करना नहीं, बल्कि उनके विचारों को आज की सामाजिक–राजनीतिक परिस्थितियों में पुनः जीवित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार ने की, जबकि मंच संचालन श्याम सुन्दर शरण, मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से०) द्वारा किया गया।
डॉ अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती केवल एक संत या समाज सुधारक नहीं थे, बल्कि वे भारतीय किसान चेतना के वैचारिक स्तंभ थे। उन्होंने ज़मींदारी व्यवस्था, सामंती शोषण और सामाजिक असमानता के विरुद्ध संगठित संघर्ष को वैचारिक दिशा दी। उनका पूरा जीवन इस बात का प्रमाण है कि सामाजिक परिवर्तन बिना संघर्ष के संभव नहीं होता।
बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती के सिद्धांत आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं, जब किसान, खेतिहर मज़दूर और ग्रामीण समाज आर्थिक व सामाजिक दबावों से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि सहजानंद जी ने किसानों को केवल अधिकारों की बात नहीं सिखाई, बल्कि आत्मसम्मान और संगठन की ताकत से परिचित कराया। श्याम सुन्दर शरण ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती का विचार लोकतंत्र की उस आत्मा का प्रतिनिधित्व करता है, जहाँ सत्ता नहीं बल्कि समाज का अंतिम व्यक्ति केंद्र में होता है। उन्होंने चेताया कि यदि आज की पीढ़ी सहजानंद जी के विचारों से कटती चली गई, तो सामाजिक न्याय केवल नारा बनकर रह जाएगा। कार्यक्रम में किसानों, मज़दूरों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प लिया कि वे स्वामी सहजानंद सरस्वती की वैचारिक विरासत को केवल स्मृति तक सीमित नहीं रहने देंगे, बल्कि उसे संगठन, संघर्ष और सामाजिक परिवर्तन के व्यवहारिक आंदोलन में रूपांतरित करेंगे।
समारोह का समापन इस सामूहिक प्रण के साथ हुआ कि सामाजिक न्याय, किसान अधिकार और मानवीय गरिमा की लड़ाई को हर परिस्थिति में आगे बढ़ाया जाएगा, क्योंकि यही स्वामी सहजानंद सरस्वती को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार धीरेन्द्र कुमार, हम नेता भीम सिंह, कांग्रेस नेता आशुतोष शर्मा, वीआईपी नेता विकास कुमार, मधुकर सिंह, विजय कुमार, शम्भू सिंह, डी एन सिन्हा, पूर्व विधायक अनिल कुमार, आशीष कुमार, रघुवीर सिंह, एस. बी. रॉय, राहुल कुमार, मृत्युंजय कुमार, अमित कुमार, आकाश कुमार, राजेश कुमार, पियूष कुमार, गुड्डू कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।