Tej Pratap Yadav:भोजपुरी बवाल के प्रोमो पर घमासान, तेज प्रताप ने प्रसारण रोकने के लिए इस आदमी पर धमकाने का लगाया आरोप
Tej Pratap Yadav:जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स पोस्ट के जरिए अपने पूर्व पीए मोतीलाल राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं।..
Tej Pratap Yadav: भोजपुरी बवाल को लेकर अब सियासी बयानबाजी के साथ विवाद भी गहराता नजर आ रहा है। जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स पोस्ट के जरिए अपने पूर्व पीए मोतीलाल राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेज प्रताप का दावा है कि पार्टी से निष्कासित किए जा चुके मोतीलाल राय जियो हॉटस्टार पर प्रसारित होने वाले ‘भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो और कार्यक्रम के प्रसारण को रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं।
तेज प्रताप के मुताबिक मोतीलाल राय की ओर से जियो हॉटस्टार की टीम और अधिकारियों को फोन कर कथित तौर पर दबाव बनाने और धमकी देने की कोशिश की जा रही है। हालांकि ये आरोप फिलहाल तेज प्रताप यादव के दावे पर आधारित हैं।तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि मोतीलाल राय को जनशक्ति जनता दल से निष्कासित किया जा चुका है और उनके संबंध में लगातार गंभीर शिकायतें एवं आरोप सामने आते रहे हैं।पोस्ट में दावा किया गया कि मोतीलाल राय कथित तौर पर ‘भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो को रुकवाने के लिए जियो हॉटस्टार के अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
तेज प्रताप ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में जनशक्ति जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके जय सिंह राठौर भी मोतीलाल राय के इशारे पर जियो हॉटस्टार के अधिकारियों को फोन कर प्रसारण रोकने के लिए दबाव और धमकी दे रहे हैं।तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता और जनसमर्थन से घबराकर ‘भोजपुरी बवाल’ के प्रसारण को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने मोतीलाल राय पर पार्टी-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और विरोधियों के साथ मिलकर काम करने के भी आरोप लगाए। साथ ही महुआ विधानसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ काम करने और आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े आरोप लगाए जाने का भी दावा किया गया है।
मोतीलाल राय को लेकर तेज प्रताप यादव पहले भी आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने अपने पूर्व पीए पर घर में चोरी करने और बाद में फरार होने का आरोप लगाया था। इसी सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज होने की बात भी सामने आई थी।तेज प्रताप ने अपने ताजा पोस्ट में मोतीलाल राय के खिलाफ लगभग 20 लाख रुपये की चोरी से जुड़ी प्राथमिकी का भी उल्लेख किया है।
दरअसल, हाल ही में तेज प्रताप यादव से जब पूछा गया था कि ‘भोजपुरी बवाल’ में मोतीलाल राय भी नजर आ रहे हैं, तो उन्होंने इस पर कहा था कि वह शुरुआत में था, अब अंत में पुलिस उसे तलाश रही है।अब इसी कार्यक्रम के प्रोमो को रुकवाने के कथित प्रयास को लेकर तेज प्रताप ने सार्वजनिक तौर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इससे ‘भोजपुरी बवाल’ के साथ-साथ मोतीलाल राय को लेकर विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में प्रशासन से आग्रह किया है कि अगर कार्यक्रम का प्रसारण रुकवाने के लिए किसी व्यक्ति द्वारा धमकी, दबाव या अनुचित हस्तक्षेप किया जा रहा है तो पूरे मामले की जांच की जाए। उन्होंने दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।साथ ही उन्होंने लोगों से मोतीलाल राय या उनके सहयोगियों के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध फोन कॉल, पैसे की मांग या संपर्क से सावधान रहने की अपील की है।फिलहाल भोजपुरी बवाल का विवाद अब मनोरंजन से निकलकर आरोप-प्रत्यारोप और कथित दबाव की सियासत तक पहुंच गया है। तेज प्रताप यादव के आरोपों पर मोतीलाल राय और अन्य संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने के बाद ही तस्वीर और साफ होगी।