Lalu Prasad Yadav: दिल्ली रवाना हुआ लालू परिवार,तेजस्वी ने जातीय जनगणना पर केंद्र सरकार को घेरा

Lalu Prasad Yadav: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने पूरे परिवार के साथ दिल्ली रवाना हो गए हैं। लालू यादव के साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव भी दिल्ली के लिए रवाना हुए।...

Lalu Prasad Yadav
दिल्ली रवाना हुआ लालू परिवार- फोटो : reporter

Lalu Prasad Yadav: बिहार की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने पूरे परिवार के साथ दिल्ली रवाना हो गए हैं। लालू यादव के साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव भी दिल्ली के लिए रवाना हुए।दिल्ली रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ और जलप्रलय को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नेपाल में जिस तरह की तबाही सामने आई है, वह बेहद खतरनाक है। बाढ़ के वीडियो देखकर दहशत होने की बात कहते हुए उन्होंने बिहार के लिए भी सतर्क रहने की जरूरत बताई।

नेपाल की जलप्रलय पर तेजस्वी की चिंता

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की कई नदियां नेपाल से जुड़ी हैं, ऐसे में नेपाल में आई भीषण बाढ़ का असर बिहार पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि नदियों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए राज्य को पूरी तरह सतर्क रहने की जरूरत है।उन्होंने नेपाल की भयावह स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वहां जो हादसा हुआ है, वह बेहद खतरनाक है। उनके मुताबिक बिहार की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि नेपाल में भारी बारिश या बाढ़ का असर यहां की नदियों में भी दिखाई दे सकता है।ऐसे में प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।

जातीय जनगणना पर केंद्र को घेरा

दिल्ली रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने जातीय जनगणना को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार द्वारा देश में जातीय जनगणना कराए जाने की मंशा पर सवाल उठाए जाने और बिहार-तेलंगाना की तर्ज पर इसे लागू करने की मांग को लेकर तेजस्वी ने अपनी प्रतिक्रिया दी।तेजस्वी यादव ने कहा कि जातीय जनगणना की मांग उनकी पार्टी शुरू से करती रही है। उनका कहना है कि समाज के सभी वर्गों के वास्तविक विकास और हिस्सेदारी का आकलन करने के लिए जातीय जनगणना जरूरी है।

बिहार में जातीय सर्वे और आरक्षण का मुद्दा उठाया

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में उनकी सरकार के दौरान जातीय जनगणना कराई गई और आरक्षण का दायरा बढ़ाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बढ़े हुए आरक्षण के प्रावधान को संवैधानिक सुरक्षा देने की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाया।तेजस्वी ने कहा कि उनकी मांग रही है कि बढ़े हुए आरक्षण को नौवीं अनुसूची में शामिल किया जाए, ताकि इसे कानूनी चुनौती से सुरक्षा मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया।

बिहार मॉडल पर देश में जातीय जनगणना की मांग

तेजस्वी यादव का कहना है कि अगर केंद्र सरकार बिहार और तेलंगाना की तर्ज पर जातीय जनगणना कराती है तो इससे समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक सामाजिक और आर्थिक स्थिति सामने आएगी।उनके मुताबिक आंकड़ों के आधार पर ही विकास की योजनाओं, सरकारी प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय की नीतियों को ज्यादा प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकता है।फिलहाल लालू परिवार के दिल्ली रवाना होने के बीच तेजस्वी यादव के दो प्रमुख मुद्दे सामने आए नेपाल की जलप्रलय से बिहार के लिए संभावित खतरा और जातीय जनगणना-आरक्षण का सवाल। एक तरफ उन्होंने नेपाल की बाढ़ को लेकर बिहार को आगाह किया, वहीं दूसरी तरफ जातीय जनगणना और आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा।

रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह