Lalu Prasad Yadav Birthday: 79वें पड़ाव पर लालू का सियासी जलवा बरकरार, परिवार ने काटा केक, बड़े बेटे तेज प्रताप का जज़्बाती पैगाम, सोशल मीडिया पर छाया संदेश
Lalu Prasad Yadav Birthday: राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने परिवार के साथ अपना 79वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर बड़े बेटे तेज प्रताप यादव नेभावुक पोस्ट लिखकर पिता के प्रति सम्मान, प्रेम और गर्व का इजहार किया।...
Lalu Prasad Yadav Birthday: बिहार की सियासत के सबसे चर्चित और जनाधार वाले नेताओं में शुमार राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने आज अपना 79वां जन्मदिन पूरे पारिवारिक और राजनीतिक गरिमामय माहौल में मनाया। आधी रात को परिवार के बीच केक काटकर जन्मदिन का आगाज हुआ, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इस मौके पर राजद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जन्मदिन समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अपने पिता के प्रति सम्मान और मोहब्बत का इजहार किया। तस्वीरों में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने हमसफर लालू प्रसाद यादव को केक खिलाती नजर आ रही हैं, जबकि पूरा परिवार इस यादगार लम्हे का गवाह बना। सियासी गलियारों में भी इन तस्वीरों की खूब चर्चा हो रही है।
वहीं, लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने पिता के जन्मदिन पर बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाला संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें गर्व है कि वे लालू प्रसाद यादव के पुत्र हैं। तेज प्रताप ने अपने संदेश में पिता को केवल एक अभिभावक नहीं, बल्कि संघर्ष, त्याग, सेवा और इंसानियत की जीती-जागती मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि जीवन की हर सफलता, हर पहचान और हर उपलब्धि पिता के संस्कारों और मार्गदर्शन का नतीजा है।
तेज प्रताप ने अपने संदेश में यह भी कहा कि लालू यादव ने परिवार को हमेशा एकजुट रखा और समाज के वंचित, गरीब तथा पिछड़े तबकों की आवाज बनकर पूरी जिंदगी संघर्ष किया। उन्होंने पिता के स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घायु जीवन की दुआ करते हुए लिखा कि यदि उनकी उम्र भी पिता को लग जाए तो इससे बड़ी खुशी उनके लिए कोई नहीं होगी।
लालू यादव का जन्मदिन केवल एक पारिवारिक उत्सव नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक कद, सामाजिक प्रभाव और परिवार की एकजुटता का भी प्रतीक बनकर सामने आया है। राजद समर्थकों के बीच यह संदेश साफ गया कि लालू आज भी पार्टी की धुरी और करोड़ों समर्थकों की उम्मीदों का केंद्र बने हुए हैं।